पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत, PU में बॉटेनिकल गार्डन के हेड माली की सुरक्षा में थे तैनात
चंडीगढ़ स्थित पीयू बॉटेनिकल गार्डन के पास पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल गुरमंगत सिंह की गोली लगने से मौत हो ...और पढ़ें

पीएसओ ने लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पीयू बॉटेनिकल गार्डन में हेड कॉन्स्टेबल की मौत।
सरकारी पिस्टल से गोली लगने से हुई घटना।
हेड माली शेर सिंह की सुरक्षा में थे तैनात।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-14 स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के बाॅटेनिकल गार्डन के पास बने कमरे में शुक्रवार शाम पंजाब पुलिस के हेड काॅन्स्टेबल गुरमंगत सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उसकी सरकारी पिस्टल से चली थी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेड काॅन्स्टेबल ने खुद को गोली मारी या अचानक गोली चलने से उसकी जान गई। गुरमंगत सिंह पंजाब पुलिस की 82वीं बटालियन में हेड काॅन्स्टेबल के पद पर तैनात था।
करीब ढाई से तीन महीने पहले उसकी ड्यूटी बाॅटेनिकल गार्डन में तैनात हेड माली शेर सिंह की सुरक्षा में लगाई गई थी। गुरमंगत सिंह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाले थे। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।
वह फिलहाल जयंती माजरी में हेड माली शेर सिंह के साथ रह रहे थे। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
जमीन विवाद के चलते शेर सिंह को मिली थी सुरक्षा
बाॅटेनिकल गार्डन में वर्ष 2013 से हेड माली के पद पर कार्यरत शेर सिंह की सुरक्षा में गुरमंगत सिंह को तैनात किया गया था। शेर सिंह की ड्यूटी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक रहती है। शेर सिंह से जुड़ा करीब 3600 किल्ले जमीन का विवाद पांच गांवों से संबंधित है, जो हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। शेर सिंह ने धमकियां मिलने की बात कही थी।
इसी के चलते उसकी सुरक्षा के लिए पंजाब पुलिस का जवान तैनात किया गया था। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सरकारी पिस्टल से गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर हथियार से अचानक गोली चलने के कारण हादसा हुआ।