विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब पुलिस के दो काॅन्स्टेबल गिरफ्तार, मोहाली में युवती से की छेड़छाड़; स्कॉर्पियो कार से किया पीछा

Published: Thu, 09 Jul 2026 03:02 PM (GMT+05:30)

मोहाली में एक युवती से छेड़छाड़ और उसके परिजनों पर कार चढ़ाने की कोशिश के आरोप में पंजाब पुलिस के ...और पढ़ें

गिरफ्तार कॉन्स्टेबल पुलिस लाइन में हैं तैनात।

गिरफ्तार कॉन्स्टेबल पुलिस लाइन में हैं तैनात।

HighLights

  1. सेक्टर-68 स्थित श्री गुरु हरसहाय सोसायटी के बाहर की घटना।

  2. काॅन्स्टेबल गुरपिंदर और गुरमीत की हुई गिरफ्तारी।

  3. महिला आयोग ने एसएसपी मोहाली से रिपोर्ट मांगी।

जागरण संवाददाता, मोहाली। सेक्टर-68 स्थित श्री गुरु हरसहाय सोसायटी के बाहर युवती से छेड़छाड़ और उसके परिजनों पर कार चढ़ाने की कोशिश के मामले में पंजाब पुलिस के दो काॅन्स्टेबलों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वत: संज्ञान लेकर एसएसपी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

जांच के आधार पर पुलिस ने दो काॅन्स्टेबल गुरपिंदर और गुरमीत को गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस लाइन में तैनात हैं और घटना के समय सिविल ड्रेस में थे। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय उनके पास कोई सरकारी हथियार नहीं था। स्काॅर्पियो उनकी अपनी ही कार है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

श्री गुरु हरसहाय सोसायटी निवासी युवक के अनुसार वह अपनी बहन के साथ बाजार से लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में सफेद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनका पीछा किया और उनकी बहन से छेड़छाड़ की कोशिश की। बचने के लिए दोनों अपनी कार से सोसायटी पहुंचे, लेकिन स्कॉर्पियो सवार वहां तक उनका पीछा करते हुए पहुंच गए।

पीड़ित का आरोप है कि रास्ते में स्कॉर्पियो चालक लगातार हॉर्न और लाइट देकर उनकी कार रुकवाने का प्रयास करता रहा। सोसायटी पहुंचने पर मनप्रीत के दो रिश्तेदारों ने आरोपितों को रोकने की कोशिश की, लेकिन स्कॉर्पियो चालक ने तेज रफ्तार में कार घुमाकर उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। शोर मचने पर आरोपित मौके से फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो में 3 से 4 लोग सवार थे और वाहन पर पुलिस की वर्दी भी रखी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने स्वत: संज्ञान लिया और एसएसपी मोहाली से वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से निष्पक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आज अपनी रिपोर्ट महिला आयोग को सौंप सकती है।