फ्लैट में मृत मिला पंजाब पुलिस का हवलदार, पूर्व डीजीपी की सिक्योरिटी में तैनात था कृपाल सिंह
मृतक पहचान पंजाब के संगरूर के रहने वाले 40 वर्षीय कृपाल सिंह के तौर पर हुई है। मनीमाजरा में डुप्लेक्स मकान पुलिसकर्मियों को रहने के लिए मिले हुए हैं। कृपाल सिंह की ड्यूटी सुबह 6 बजे थी लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मनीमाजरा हाउसिंग कांप्लेक्स स्थित फ्लैट में पंजाब पुलिस का कर्मचारी मृत मिला। मृतक पंजाब पुलिस में हवलदार पद पर तैनात था। उसकी ड्यूटी सेक्टर 27 में रहने वाले पंजाब के पूर्व डीजीपी गुरबचन सिंह जगत की कोठी पर सिक्योरिटी में थी। मामले की सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिस जवान की मौत कैसे हुई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
मृतक पहचान पंजाब के संगरूर के रहने वाले 40 वर्षीय कृपाल सिंह के तौर पर हुई है। मनीमाजरा में डुप्लेक्स मकान पुलिसकर्मियों को रहने के लिए मिले हुए हैं। कृपाल सिंह की ड्यूटी सुबह 6 बजे थी, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो उसके साथ तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे काल किया। कई बार काल करने के बाद कोई जवाब नहीं मिला तो एक जवान उसके कमरे में पहुंचा। कृपाल सिंह कमरे में बेसुध पड़ा था। मामला संदिग्ध लगने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और कृपाल सिंह को सिविल अस्पताल मनीमाजरा पहुंचाया। जहां ड्यूटी डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कोरोना रिपोर्ट आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक हवलदार के कोविड टेस्ट के लिए सैंपल भेज दिया है। टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद मृतक स्वजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह का पता चल पाएगा।
पुल के नीचे मिला व्यक्ति का शव
इधर, अटावा पुल के नीचे एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जीएमएसएच 16 में भर्ती करवाया। जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अशोक के तौर पर हुई है। वहीं पुलिस की जांच में सामने आया कि अशोक शराब पीने का आदी था। वह रात को अपने घर भी नहीं पहुंचा था।