विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'PCS की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी...', 25 अभ्यर्थियों ने लगाए गंभीर आरोप; स्वतंत्र जांच की उठाई मांग

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:51 PM (IST)

पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) की पीसीएस भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए 25 असफल अभ्यर्थियों ने स्वतंत्र जांच की मांग की है। अभ्यर्थियों ने पंजाबी भाषा की पात्रता शर्तों में ढील और मूल्यांकनकर्ताओं की योग्यता जैसे कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते अभ्यर्थी।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते अभ्यर्थी।

HighLights

  1.  पंजाबी भाषा की अनिवार्य पात्रता शर्तों में कथित ढील।

  2. मूल्यांकनकर्ताओं की योग्यता पर भी उठाए सवाल।

  3. पेपर की सीरियल नंबरिंग व रोल नंबर पैटर्न भी बताया गलत।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) की पीसीएस भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं, जिसे लेकर 25 असफल अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

इन अभ्यर्थियो ने मंगलवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में पंजाबी भाषा की अनिवार्य पात्रता शर्तों में कथित ढील दी गई। इसके अलावा सरकारी निर्देशों के पालन, उम्मीदवारों की पात्रता की समय पर जांच और मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले परीक्षकों की योग्यता को लेकर भी सवाल उठाए गए।

अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्रों की सीरियल नंबरिंग में कथित विसंगतियों का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि आयोग ने इसे मशीन में खराबी का परिणाम बताया था। कुछ कोचिंग संस्थानों को परीक्षा से जुड़ी जानकारी पहले मिलने की आशंका भी जताई गई। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के रोल नंबरों के असामान्य क्रम को स्वतंत्र रूप से जांचने की मांग की गई।

अभ्यर्थियों ने 10 नवंबर को पीपीएससी चेयरमैन की ओर से दिए गए आश्वासन के बावजूद मूल्यांकनकर्ताओं के नाम और पदनाम सार्वजनिक नहीं किए जाने पर भी आपत्ति जताई। आयोग द्वारा कानूनी मामलों में खर्च की गई सरकारी राशि का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।

भर्ती रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग

अभ्यर्थियों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, मूल्यांकनकर्ताओं की योग्यता और पहचान का खुलासा, परीक्षा रिकॉर्ड, उपस्थिति विवरण और उम्मीदवारों से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्तिगत उम्मीदवार के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए है। उनके अनुसार, सिविल सेवा की तैयारी में वर्षों लगाने वाले युवाओं को निष्पक्ष चयन प्रक्रिया का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र जांच की मांग भर्ती में देरी कराने के लिए नहीं, बल्कि मेरिट, समान अवसर और चयन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए है। अभ्यर्थियों ने कहा कि करीब दो वर्षों से अनिश्चितता का सामना कर रहे युवाओं के सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।