विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाखड़ा नहर पर पुल गिरने के बाद खतरे की घंटी! पंजाब के हाईवे पुलों के सेफ्टी ऑडिट की उठी मांग; मंत्री जी ने लिखा पत्र

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:26 AM (IST)

पटियाला-संगरूर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाखड़ा नहर के ऊपर पुल गिरने के बाद पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने केंद्र सरकार से राज्य के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने पुलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट करवाने की मांग की है। 

पुल के टूटने से दो ट्रक हुए थे क्षतिग्रस्त (जागरण फोटो)

पुल के टूटने से दो ट्रक हुए थे क्षतिग्रस्त (जागरण फोटो)

HighLights

  1. पटियाला-संगरूर-बठिंडा राजमार्ग पर भाखड़ा नहर पुल गिरने की घटना

  2. पंजाब के लोक निर्माण मंत्री ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट की मांग की

  3. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पुलों के रखरखाव हेतु पत्र

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पटियाला-संगरूर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना स्टील पुल गिरने की घटना के बाद पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने केंद्र सरकार से पंजाब के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने पुलों का व्यापक संरचनात्मक सुरक्षा ऑडिट करवाने की मांग की है।

उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखकर पुलों की नियमित जांच, समय पर मरम्मत और आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की अपील की है।

पुलों का रखरखाव बेहदर जरूरी: हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने 19 नवंबर को पटियाला-संगरूर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) पर भाखड़ा नहर के ऊपर बने स्टील पुल के गिरने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने में पुलों की अहम भूमिका है।

भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पुलों का नियमित संरचनात्मक मूल्यांकन और समय पर निवारक रखरखाव बेहद जरूरी है।

केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने पंजाब के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने सभी पुलों का समय-समय पर निरीक्षण करवाने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से पुराने पुलों, उनकी भार वहन क्षमता, संरचनात्मक कमजोरियों और भारी वाहनों की आवाजाही वाले पुलों की स्थिति का आकलन करने पर जोर दिया।

आवश्यक सुरधारात्मक कदम प्राथमिकता: लोक निर्माण मंत्री

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सुरक्षा ऑडिट के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर पुलों को मजबूत बनाने, मरम्मत करवाने और अन्य आवश्यक सुधारात्मक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाने चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा हो सके।

उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध सड़क संपर्क सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सड़क बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से नियमित निगरानी, संरचनात्मक कमजोरियों की समय रहते पहचान और उचित रखरखाव आवश्यक है।

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करेंगे और संबंधित अधिकारियों को पंजाब के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने पुलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।