'केस लटकाना चाहती है सरकार', सांसद अमृतपाल मामले में हाई कोर्ट ने लगाई फटकार
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अमृतपाल सिंह के अजनाला थाने पर हमले के मामले में पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। अदालत ने ट्रायल में देरी पर सरकार को फटकार लगाई और याचिका वापस लेने पर मजबूर किया।

अमृतपाल सिंह मामले में हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार को लगाई फटकार।
HighLights
हाईकोर्ट ने अमृतपाल सिंह मामले में सरकार पर सवाल उठाए।
अदालत ने ट्रायल में देरी को लेकर सरकार को फटकारा।
सरकार ने हाईकोर्ट की चेतावनी पर अपनी याचिका वापस ली।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की तरफ से अजनाला पुलिस थाने पर किए गए हमले के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है।
इस मामले में ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने में हुई देरी पर अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि सरकार ट्रायल को लटकाना चाहती है। अदालत ने मामले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
इस मामले में अमृतपाल सिंह समेत दर्जनों आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे का ट्रायल अमृतसर की ट्रायल कोर्ट में चल रहा है। हाईकोर्ट ने पहले ही कहा था कि 31 दिसंबर तक ट्रायल पूरा करो। ट्रायल कोर्ट ने 18 अगस्त को एक आदेश दिया था, जिसमें सीडीआर को लेकर कुछ निर्देश थे।
इसे चुनौती देने के लिए पंजाब सरकार ने तीन माह बाद नवंबर में हाईकोर्ट का रुख किया। तीन महीने की देरी पर अदालत ने पूछा कि सरकार इतने समय तक क्या करती रही और संवेदनशील मामले में समय रहते चुनौती क्यों नहीं दी गई।
सरकार ने कोर्ट में कहा कि ट्रायल पूरा करने के लिए पहले ही 31 दिसंबर तक का समय तय है और उसकी याचिका पर सुनवाई की अनुमति दी जाए। सरकार ने यह विकल्प भी रखा कि याचिका उसी पीठ के समक्ष भेजी जाए, जिसने ट्रायल 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए थे।
हाईकोर्ट ने सरकार की दलीलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अर्जी खारिज करने और भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद सरकार ने बिना शर्त माफी मांगी और याचिका वापस लेने की अनुमति चाही। अदालत ने बिना कोई प्रतिकूल आदेश दिए याचिका वापस लेने की छूट दे दी। सरकार ने याचिका वापस ले ली और हाईकोर्ट ने उसे वापस लिए जाने के आधार पर खारिज कर दिया। मामले में काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) पहले ही ट्रायल कोर्ट में पेश किया जा चुका है।
अब भारती एयरटेल लिमिटेड और रिलायंस इन्फोकाम लिमिटेड के नोडल अधिकारियों को रिकार्ड की पुष्टि के लिए अदालत में बुलाया जाना था। ऐसे में आदेश को चुनौती देने में हुई देरी पर हाईकोर्ट की नाराजगी को अहम माना जा रहा है। अदालत की टिप्पणी से स्पष्ट है कि वह इस गंभीर मामले की समयबद्ध सुनवाई को लेकर गंभीर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।