विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाइनीज डोर से मौत और चोटों को हाई कोर्ट ने माना गंभीर, पंजाब सरकार से पूछा-आखिर इसे मामूली अपराध क्यों समझा जाए?

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:30 AM (GMT+05:30)

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने जानलेवा चाइनीज डोर के इस्तेमाल से हो रही मौतों और चोटों पर गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने पंजाब सरकार से इस पर सख्त कार्रवाई और पीड़ितों के लिए मुआवजे की नीति पर पुनर्विचार करने को कहा है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (जागरण आर्काइव)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने जानलेवा चाइनीज डोर के उपयोग पर गंभीर चिंता व्यक्त की

  2. पंजाब सरकार से सख्त कार्रवाई और पीड़ितों के मुआवजे पर जवाब मांगा

  3. 400 से अधिक FIRs के बावजूद चाइनीज डोर का उपयोग जारी

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में प्रतिबंधित चाइनीज डोर (नायलॉन की जानलेवा पतंगबाजी डोर) से लगातार हो रहे हादसों और लोगों की जान जाने के मामलों पर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है।

अदालत ने पंजाब सरकार को अपने मौजूदा रवैये पर दोबारा विचार करने का निर्देश देते हुए सवाल उठाया है कि आखिर इस जानलेवा डोर से होने वाले हादसों को सामान्य या मामूली अपराध की तरह क्यों देखा जाए? जब इस डोर के कारण लोगों को गंभीर चोटें पहुंच रही हैं और कई मामलों में जान तक जा रही है तो क्या ऐसे मामलों में अधिक सख्त कार्रवाई की जरूरत नहीं है?

मुख्य न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति रोहित कपूर की खंडपीठ ने राज्य सरकार से कहा कि वह इस पूरे मुद्दे की नए सिरे से समीक्षा करे। अदालत ने विशेष रूप से चाइनीज डोर के पीड़ितों को दिए जाने वाले मुआवजे पर भी विचार करने की जरूरत बताई।

400 से अधिक एफआइआर, फिर भी प्रभावी रोक नहीं

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि चाइनीज डोर के इस्तेमाल से जुड़े मामलों में अब तक 400 से अधिक एफआइआर दर्ज की जा चुकी हैं।

इसके बावजूद इन मामलों में दर्ज आरोपों को अधिकतर मामूली अपराध की श्रेणी में रखा जा रहा है। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि इसी वजह से आम लोगों में इस अपराध की गंभीरता का एहसास नहीं हो रहा और चाइनीज डोर के इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा।

दलीलों पर गौर करने के बाद खंडपीठ ने कहा कि राज्य में इस डोर से लोगों के घायल होने और जान गंवाने की बड़ी संख्या में घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सरकार को यह देखना चाहिए कि क्या इन घटनाओं को अन्य सामान्य अपराधों की तरह लिया जाना उचित है या इनके खिलाफ सख्त कानूनी रुख अपनाने की आवश्यकता है।

मुआवजे की नीति पर भी नए सिरे से विचार

हाईकोर्ट ने पीड़ितों और उनके परिवारों को मिलने वाले मुआवजे का मुद्दा भी महत्वपूर्ण माना। अदालत ने कहा कि चाइनीज डोर के कारण घायल होने वाले लोगों और जान गंवाने वालों के परिजनों को किस तरह का मुआवजा दिया जाना चाहिए, इस पर राज्य सरकार के स्तर पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।

27 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई

हाई कोर्ट ने कहा कि पहले से नीतिगत निर्णय और समिति गठित होने के बावजूद मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए नए सिरे से समीक्षा जरूरी है। खंडपीठ ने पंजाब सरकार के संबंधित सचिव को निर्देश दिया कि वह अदालत की टिप्पणियों के अनुरूप पूरे मामले की जांच कर सरकार का ताजा पक्ष स्पष्ट करते हुए नया हलफनामा दाखिल करें।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।