विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Government Decision: सरकारी कर्मियों को कोरोना वैक्सीन न लगवाना पड़ेगा भारी, सीएम ने कहा- फोर्स्ड लीव पर भेजेंगे

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Fri, 10 Sep 2021 04:18 PM (IST)Updated: Sat, 11 Sep 2021 08:06 AM (IST)

Punjab Government Decision पंजाब सरकार ने कोरोना का टीका न लगाने वाले कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सीएम की अध्यक्षता में फैसला हुआ कि 15 सितंबर तक कोरोना वैक्सीन की एक भी डोज न लेने वाले कर्मचारियों को जबरन छुट्टी पर भेजा जाएगा।

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की फाइल फोटो।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Punjab Government Decision: मेडिकल आधार को छोड़कर किसी भी अन्य कारण से वैक्सीन की पहली डोज न लगवाने वाले पंजाब सरकार के कर्मचारियों को 15 सितंबर के बाद जबरन छुट्टी पर भेजा जाएगा। यह आदेश शुक्रवार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने त्योहारों को मुख्य रखते हुए की गई कोविड रिव्यू बैठक के दौरान दिया।

कैप्टन ने कहा कि कई सरकारी कर्मचारी वैक्सीन लगवाने से बच रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों को तब तक छुट्टी पर भेजा जाएगा जब तक वह पहली डोज नहीं ले लेते। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि वैक्सीन की खुराक न लेने वालों के कारण वैक्सीन लगवा चुके लोगों को नुकसान न झेलना पड़े। कैप्टन ने कहा कि राज्य में अब तक 1.20 करोड़ लोगों को वैक्सीन की पहली व 38.22 लाख लोगों दो दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। वहीं ताजा सीरो सर्वे में 6-17 साल उम्र वर्ग के बच्चों की पाजिटिविटी दर 60 फीसद पाई गई है और 14-17 साल उम्र वर्ग में यह दर ज्यादा है।

एक डोज ले चुका टीचिंग व नान-टीचिंग स्कूल स्टाफ दे सकेगा ड्यूटी

कैप्टन ने कहा कि चार महीने पहले कोविड वैक्सीन की कम से कम एक खुराक ले चुका टीचिंग व नान-टीचिंग स्कूल स्टाफ ड्यूटी दे सकेगा, परंतु स्टाफ सदस्यों को हर सप्ताह आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट जमा करवानी होगी। सह-रोगों वाले स्टाफ सदस्यों को वैक्सीन की दोनों डोज लेने पर ही ड्यूटी की इजाजत दी जाएगी। सेहत मंत्री बलबीर सिद्धू ने स्कूल स्टाफ को 28 दिन बाद दूसरी डोज देने की बात कही तो मुख्य सचिव विनी महाजन ने बताया कि केंद्र सरकार ने यह मांग खारिज कर दी है।

30 तक बढ़ी पाबंदियां, समारोह में 300 लोग ही हो सकेंगे इकट्ठे

त्योहारों के मद्देनजर कोविड पाबंदियां 30 सितंबर तक बढ़ाई गई हैैं। राजनैतिक व अन्य सभी सम्मेलनों में 300 लोग ही इकट्ठा हो सकेंगे। मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य होगा। त्योहारों से संबंधित समारोह के दौरान खाने के स्टाल आदि पर तैनात स्टाफ, मैनेजमेंट और आने वाले लोग सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें वैक्सीन की एक डोज लगी हो। कैप्टन ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को निर्देश दिए कि वह पाबंदियों की पालन सुनिश्चित करवाएं।

स्कूलों में पाजिटिविटी दर 0.05 फीसद

अगस्त में 5799 स्कूलों के 33,854 स्टाफ सदस्यों व 3,21,969 विद्यार्थियों के सैंपलों में से 158 की रिपोर्ट पाजिटिव आई। स्कूलों में हुए टेस्ट में पाजिटिविटी दर 0.05 फीसद पाई गई।

मिठाई की दुकान के स्टाफ को वैक्सीन की एक डोज लगना जरूरी

कैप्टन ने सेहत विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि मिठाई की दुकानों, खोखे, ढाबों आदि के स्टाफ सदस्यों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगी हो। सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की उचित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध करवाने की अपील पर कैप्टन ने कहा कि वह केंद्रीय सेहत मंत्री के समक्ष इस मामले की पैरवी करेंगे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।