यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दीपिका पादुकोण की बाॅलीवुड फिल्म 'छपाक' की विशेष स्क्रीनिंग करवाएगी पंजाब सरकार
पंजाब सरकार अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की बॉलीवुड फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग करवाएगी। यह स्क्रीनिंग राज्य के सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर करवाई जाएगी।

चंडीगढ़, जेएनएन/एएनआइ। पंजाब सरकार बाॅलीवुड की स्टार अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की चर्चित फिल्म 'छपाक' की विशेष स्क्रीनिंग करवाएगी। एसिड हमले से पीडि़तों की कहानी पर आधारित इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से करवाइ जाएगी।
बता दें कि फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की आने वाली फिल्म छपाक चर्चा में बनी हुई हैं। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में विवाद के बाद जेएनयू जाने पर कुछ संगठन दीपिका का विरोध कर रही है तो कांग्रेस शासित राज्य दीपिका की फिल्म 'छपाक' को प्रमोट करने में जुट गए हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने जहां छपाक को टैक्स फ्री कर दिया है। इसके साथ ही पंजाब सरकार ने राज्य की तेजाब हमले की पीडि़त महिलाओं के लिए छपाक फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग करवाने का फैसला किया।

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री अरुणा चौधरी के नेतृत्व में 11 जनवरी को विशेष स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। इसमें तेजाबी हमले से पीडि़त महिलाओं को फ्री में पिक्चर दिखाई जाएगी। पंजाब सरकार का कहना है कि आईनौक्स ढिल्लों प्लाजा में होने वाले विशेष स्क्रीनिंग का मकसद महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक स्थानों को यकीनी बनाने के अलावा इस संबंधी लोगों को जागरूक करना है। बता दें कि तेजाब के हमलों की पीडि़त महिलाओं के लिए 8000 रुपए प्रति महीना वित्तीय सहायता मुहैया करवाई जा रही है।
------------
16-17 को विधान सभा का होगा विशेष सत्र
पंजाब मंत्रिमंडल ने 16 और 17 जनवरी को विधान सभा का विशेष सत्र बुलाने का फैसला लिया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। विशेष सत्र 16 जनवरी को सुबह 10 बजे शुरू होगा। 17 जनवरी को दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के बाद संविधान बिल (126वां संशोधन) 2019 के अंतर्गत एससी /एसटी कोटा, एंग्लो इंडियन के बिना राज्य में अगले 10 साल के लिए जारी रखने के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसी दिन प्रस्तावित वैधानिक कामकाज के बाद सदन उठा दिया जाएगा।
मंत्रिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर के अभिभाषण को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। मीटिंग के दौरान यह फैसला भी किया गया कि अलग-अलग बिल जो विशेष सेशन के दौरान रखे जाने हैं, को मंजूरी देने के लिए मंत्रिमंडल की अगली मीटिंग 14 जनवरी को होगी।