कोरोना के मद्देनजर पंजाब सरकार का कदम, शहरों में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू
पंजाब सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य के शहरों में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक का कर्फ्यू लगा दिया है। इसके साथ ही राज्य में 682 नए मरीजाें की पुष्टि हुई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने राज्य मेें कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बड़ा कदम उठाया है। राज्य में अब सभी शहरों में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगा दिया है। पहले कर्फ्यू का समय रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक था। दूसरी ओर, शुक्रवार को राज्य में 682 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही राज्य में 18 और मरीजों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यालय ने शुक्रवार सायं आदेश जारी कर राज्य के सभी शहराें में रात नौ बजे से सुबह पांच तक कर्फ्यू लगा दिया। सीएमओ की ओर से कहा गया कि यह कदम राज्य में कोरोना के पीक की ओर जाने के मद्देनजर उठाया गया है।
28 हजार के पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा, राज्य में 18 काेरोना मरीजों ने दम तोड़ा
दूसरी ओर, राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 28 हजार के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को 682 मरीज नए सामने आने के बार राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 28, 259 पहुंच गई है। इसके साथ ही राज्य में शुक्रवार को 18 लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई है। राज्य में सबसे गंभीर हालात लुधियाना के हैं। यहां पर संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालात यह हैं कि जिले में रोजाना दो सौ के करीब लोग संक्रमित तो मिल ही रहे हैं, मरने वालों की संख्या भी यहां बाकी जिलों की अपेक्षा बेहद ज्यादा है।
लुधियाना में सबसे ज्यादा 228 केस आए सामने, सात की मौत
शुक्रवार को यहां लुधियाना में 228 लोग संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही यहां सात लोगों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। राज्य में सबसे चौंकाने वाले आंकड़े गुरदासपुर जिले से आए हैं। शुक्रवार को यहां अचानक 105 लोग संक्रमित पाए गए हैं। यह पहला अवसर है जब गुरदासपुर में इतनी ज्यादा संख्या में मरीज पाए गए हैं। कपूरथला में एक एएसआइ की कोरोना के कारण मौत हो गई।
पंजाब कोरोना मीटर
कुल केस/24 घंटे में- 28,259/682
कुल सक्रिय केस/24 घंटे में- 9201/175
कुल स्वस्थ हुए/24 घंटे में- 18,328/489
कुल मृत्यु/24 घंटे में- 730/18
कुल टेस्ट/24 घंटे में- 7,41,834/18,477