शिवसेना नेता की हत्या के बाद निशाने पर आई पंजाब सरकार, आप विधायक कुंवर विजय प्रताप ने भी उठाए सवाल
Shiv Sena Murder अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद पंजाब की भगवंत मान सरकार निशाने पर आ गई है। राज्य के विपक्षी दलों के नेताओं के संग आप विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी अपनी पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़/अमृतसर। Shiv Sena Leader Murder: पंजाब के अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद राज्य की भगवंत मान सरकार निशाने पर आ गई है। विपक्षी दलों के नेताओं के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी राज्य में कानून - व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। सूरी की हत्या से पंजाब में सियासी माहौल गर्मा गया है।
आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजाय प्रताप ने राज्य के कानून व्यवस्था सवाल उठाया और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने अमृतसर में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए पुलिस कमिश्नर अरुणपाल सिंह को जिम्मेदार ठहराया। घटनास्थल पर पहुंचे विधानसभा हलका अमृतसर उत्तरी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कहा कि अपराध का ग्राफ काफी बढ़ चुका है। आए दिन हत्याएं, रंगदारी और लूटपाट की वारदातें हो रही है लेकिन अपराध पर पुलिस का नियंत्रण नहीं है।
दूसरी ओर, घटनास्थल पर पहुंचे डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस प्रत्येक मामले पर जांच करवा रही है। कानून-व्यवस्था किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने दी जाएगी। एडीजीपी आरएन ढोके को सारे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। वारदात में इस्तेमाल कार की फोरेंसिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
उधर,सूरी के बेटों माणिक व पारस ने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाए। जब तक उनके पिता को शहीद का दर्जा नहीं मिलता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
आप सरकार के सात महीने के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था हुई बदतर : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि सूरी की हत्या के लिए भगवंत मान सरकार को जिम्मेवार ठहराया। भगवंत मान सरकार बनने के बाद पंजाब में देश-विरोधी ताकतों व खालिस्तान समर्थकों की गतिविधियों में बहुत बढ़ोतरी हुई है। भगवंत मान पंजाब की सत्ता संभालने में नाकाम रहे हैं। भगवंत मान और केजरीवाल दोनों मिलकर पंजाब को काले दौर में धकेलने पर तुले हुए हैं।
पूर्व सांसद और भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कहा कि जब से आप ने पंजाब में सत्ता संभाली है, इस तरह की घटनाएं राज्य में प्रतिदिन हो रही हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।
राज्य की कानून व्यवस्था चरमराई : कांग्रेस
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी शिवसेना नेता सुधीर सूरी की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हत्या आप सरकार की राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने में विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इन दिनों पूरी सरकार गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में व्यस्त है और पंजाब के लोग खुद को असहाय समझ रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।