विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पगड़ी उतारी, बाल खींचे और महिलाओं पर लात-घूंसे बरसाए...', पंजाब के ETT का आरोप; चंडीगढ़ पुलिस से झड़प

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:30 PM (IST)

पंजाब के ईटीटी शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया, जहां पुलिस से उनकी झड़प हो गई। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, पगड़ी उतारी और मारपीट की।

चंडीगढ़ में मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर पंजाब के ईटीटी का प्रदर्शन।

चंडीगढ़ में मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर पंजाब के ईटीटी का प्रदर्शन।

HighLights

  1. ईटीटी शिक्षकों का चंडीगढ़ में मांगों को लेकर प्रदर्शन।

  2. पुलिस से झड़प, शिक्षकों ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।

  3. पगड़ी उतारने और मारपीट से शिक्षक हुए नाराज।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब में अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे ईटीटी (एलीमेंट्री टीचर ट्रेनिंग) शिक्षकों ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के सेक्टर-39 स्थित आवास की ओर कूच कर रहे थे।

इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और कई शिक्षकों की पगड़ी तक उतार दी।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शिक्षकों के बाल खींचे और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी धक्का-मुक्की करते हुए उन पर लात-घूंसे बरसाए गए।

शिक्षकों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए बल प्रयोग किया।

पगड़ी उतारने पर भड़के शिक्षक

पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद प्रदर्शनकारी खासे नाराज नजर आए। उनका कहना था कि पगड़ी सिख समुदाय की धार्मिक पहचान और सम्मान का प्रतीक है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों की पगड़ी उतरना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष


ईटीटी टीचर ने भर्ती में गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं। 2016 में लगभग 180 ईटीटी टीचरों की भर्ती हुई थी। बाद में चयन प्रक्रिया में खामियों का हवाला देते हुए उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर फिर से बहाल किया गया। बहाली के बाद भी उनकी नौकरी से जुड़े कई मुद्दे अधूरे हैं, जिसको लेकर वे लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं।

शिक्षकों का कहना है कि वे शांति से अपनी बात रखना चाहते हैं और चाहते हैं कि सरकार जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान करे ताकि वे अपने घर लौट सकें और स्कूलों में पढ़ा सकें। शनिवार को उन्होंने अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए चंडीगढ़ में प्रदर्शन का फैसला लिया था।

मनीष सिसोदिया के आवास की ओर कूच करने के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प ने प्रदर्शन को तनावपूर्ण बना दिया। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि अपनी मांगें उठाने के बावजूद उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।