पंजाब में दिखा घुड़सवारी का रोमांच, जयपुर के चेतन ने जीता गोल्ड, बोले-आयरलैंड-जर्मनी के घुड़सवारों को दूंगा टक्कर
जयपुर के चेतन और अजमेर के दानियल मंगानी ने पंजाब इक्वेस्ट्रियन फेस्टिवल-3.0 में अंडर-19 जंपिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीते। चेतन ने कहा कि उनका सपना आयरलैंड-जर्मनी के घुड़सवारों को टक्कर देना है।

अलग-अलग राज्यों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
HighLights
जयपुर के चेतन ने अंडर-19 जंपिंग में गोल्ड जीता।
अजमेर के दानियल मंगानी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
पंजाब इक्वेस्ट्रियन फेस्टिवल 29 नवंबर तक जारी रहेगा।
विशाल मित्तल, मोहाली। कहीं घोड़े हवा से बातें करते नजर आए तो कहीं घुड़सवारों ने पलक झपकते ही निशाने पर भाला साध दिया। बाधाओं को पार करने की चुनौती हो या घोड़े की चाल और संतुलन का प्रदर्शन गांव पल्लनपुर में शुक्रवार को घुड़सवारी के हर रंग ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
पंजाब इक्वेस्ट्रियन फेस्टिवल-3.0 के पहले दिन अलग-अलग राज्यों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपनी प्रतिभा और घोड़ों के साथ शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया।
अंडर-19 जंपिंग इवेंट में जयपुर के चेतन ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी छाप छोड़ी। बीकाॅम प्रथम वर्ष के छात्र चेतन पिछले तीन साल से घुड़सवारी कर रहे हैं। उनके परिवार में उनसे पहले कोई इस खेल से नहीं जुड़ा था।
चेतन ने बताया कि पहली बार पंजाब में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए हैं। उनका सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने कहा कि आयरलैंड और जर्मनी के घुड़सवारों को टक्कर देना चाहते हैं और अपने इस सपने को हर हाल में पूरा करेंगे।
मां को था घोड़ों का शौक, बेटे ने जीत लिया गोल्ड
राजस्थान के अजमेर निवासी दानियल मंगानी ने अंडर-19 जंपिंग इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दानियल ने बताया कि उनकी मां को घोड़ों का काफी शौक था। उन्हीं को देखकर उन्होंने तीन साल पहले घुड़सवारी शुरू की।
परिवार में उनसे पहले कोई इस खेल से नहीं जुड़ा था। वर्ष 2024 में दिल्ली में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल करने वाले दानियल के लिए इस बार गोल्ड जीतना बड़ी उपलब्धि रही।
29 नवंबर तक चलेंगी प्रतियोगिताएं

29 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में घुड़सवारी की विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। पहले दिन टेंट पेगिंग की लांस इंडिविजुअल और रिंग एंड पेग प्रतियोगिताओं के साथ मुकाबलों की शुरुआत हुई। इसके बाद शो जंपिंग के 60 और 90 सेंटीमीटर वर्ग में घुड़सवारों ने बाधाओं को पार करने का दम दिखाया।
ड्रेसेज प्रतियोगिता में घोड़ों की चाल, अनुशासन और घुड़सवारों के साथ तालमेल देखने को मिला। दोपहर बाद टीम लांस टेंट पेगिंग, फाल्ट एंड आउट शो जंपिंग और बच्चों की ड्रेसेज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। दिन के अंतिम सत्र में टाप स्कोर ओपन मुकाबले हुए।
इस मौके पर पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की घुड़सवारी की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को इस खेल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
शनिवार को घोड़ों की परेड और जंपिंग का रोमांच
मेले के दूसरे दिन शनिवार को दोपहर 12 बजे बच्चों की जिमखाना गतिविधियां होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे घोड़ों की परेड और शाम 4 बजे सिक्स बार शो जंपिंग प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेंगी। 29 नवंबर को टीम स्वार्ड टेंट पेगिंग, लेडीज हैक्स और शो जंपिंग डर्बी के मुकाबले होंगे। शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।