विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के पल्लणपुर में 27 नवंबर से सजेगा घोड़ों का मेला, तीन दिन दिखेगा घुड़सवारी का दमखम

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:23 PM (IST)

मोहाली के पल्लणपुर में 27 से 29 नवंबर तक तीसरा पंजाब घुड़सवारी मेला आयोजित होगा, जिसमें शो जंपिंग डर्बी मुख्य ...और पढ़ें

पंजाब घुड़सवारी मेले का पोस्टर रिलीज करते हुए डीसी अदित्य डचलवाल।

पंजाब घुड़सवारी मेले का पोस्टर रिलीज करते हुए डीसी अदित्य डचलवाल।

HighLights

  1. 27 से 29 नवंबर तक मोहाली में घुड़सवारी मेला।

  2. शो जंपिंग डर्बी इस मेले का मुख्य आकर्षण।

  3. सेना, पुलिस टीमें भी दिखाएंगी घुड़सवारी का हुनर।

अजय अग्निहोत्री, मोहाली। घोड़ों की टाप, घुड़सवारों का कौशल और रोमांचक मुकाबले... गांव पल्लणपुर में नवंबर के आखिरी सप्ताह में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। यहां 27 से 29 नवंबर तक पंजाब घुड़सवारी मेले का तीसरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। 

इस आयोजन में शो जंपिंग डर्बी, टेंट पेगिंग, ड्रेसेज और जिमखाना सहित घुड़सवारी के कई मुकाबले होंगे। खास बात यह है कि मेले में आम लोगों के लिए प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।

डिप्टी कमिश्नर अदित्य डचलवाल ने वीरवार को अपने कार्यालय में मेले का पोस्टर जारी करते हुए बताया कि जिला प्रशासन की पहल पर शुरू हुआ यह आयोजन अब पंजाब के प्रमुख घुड़सवारी आयोजनों में शामिल हो चुका है।

पिछले वर्ष आयोजित दूसरे महोत्सव में तीन दिनों के दौरान करीब 4000 दर्शक पहुंचे थे। इसमें 250 घोड़ों, 350 घुड़सवारों और 15 टीमों ने हिस्सा लिया था। इस बार मेले का मुख्य आकर्षण एफईआई के नियमों के अनुसार होने वाली शो जंपिंग डर्बी होगी।

इसके अलावा टेंट पेगिंग, ड्रेसेज, जिमखाना और देसी घोड़ों की विभिन्न नस्लों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुकाबलों में पंजाब और अन्य राज्यों के घुड़सवारों के साथ सेना और पुलिस की टीमें भी हिस्सा लेंगी। घुड़सवारी मुकाबलों के साथ पंजाब की लोक संस्कृति और परंपराओं को दर्शाने वाली प्रस्तुतियां भी होंगी।

2022 में हुई थी पहली डर्बी

डीसी ने बताया कि वर्ष 2022 में चंडीगढ़ हॉर्स शो के दौरान टीम रैंच के सहयोग से मोहाली में पहली बार शो जंपिंग डर्बी आयोजित की गई थी। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए द रैंच क्लब में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेष डर्बी ट्रैक तैयार किया गया है।

इससे एफईआई के नियमों के अनुसार मुकाबले करवाने का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि पंजाब घुड़सवारी मेला प्रदेश की समृद्ध घुड़सवारी विरासत को सामने लाने के साथ युवा घुड़सवारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान करेगा।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) सोनम चौधरी को आयोजन का संयोजक बनाया गया है। चंडीगढ़ हॉर्स शो के संस्थापक दीपइंदर सिंह बराड़ और हरजिंदर सिंह खोसा मानद तकनीकी सलाहकार की भूमिका निभाएंगे।

सुबह 8 से शाम 7 बजे तक होंगे मुकाबले

27 से 29 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा। डीसी ने लोगों से परिवार सहित पहुंचकर घुड़सवारी के रोमांच और पंजाब की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।