विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सरकारी और प्राइवेट स्कूलों से निकलेंगे करोड़पति, पंजाब के हर स्कूल में बनेगा नोडल अधिकारी

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:31 PM (IST)

पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने 'पंजाब दा करोड़पति' क्विज प्रतियोगिता में छात्रों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकारी और निजी स्कूलों को सक्रिय किया है।

पंजाब दा करोड़पति क्विज: स्कूलों में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान।

पंजाब दा करोड़पति क्विज: स्कूलों में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान।

HighLights

  1. स्कूल शिक्षा विभाग ने 'पंजाब दा करोड़पति' क्विज के लिए स्कूलों को सक्रिय किया

  2. प्रत्येक स्कूल में नोडल अधिकारी छात्रों के पंजीकरण में मदद करेंगे

  3. जिला शिक्षा अधिकारी पंजीकरण प्रगति की निगरानी करेंगे, 17 नवंबर को ओरिएंटेशन

रोहित कुमार, चंडीगढ़। ‘पंजाब दा करोड़पति’ क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों को सक्रिय कर दिया है।

विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (सेकेंडरी शिक्षा) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले स्कूलों के प्रमुखों से योग्य विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रत्येक स्कूल में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन में मदद करने के साथ पूरी प्रक्रिया का समन्वय करेगा।

डायरेक्टरेट ऑफ स्कूल एजुकेशन (सेकेंडरी) की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, स्कूलों को रजिस्ट्रेशन लिंक और क्यूआर कोड प्रत्येक क्लास इंचार्ज, स्कूल के वाट्सएप ग्रुप और अन्य आधिकारिक संचार माध्यमों से विद्यार्थियों तक पहुंचाना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल सूचना जारी करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि योग्य विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्कूल स्तर पर प्रयास किए जाएं।

विभाग ने उन विद्यार्थियों की मदद करने पर भी जोर दिया है, जो तकनीकी जानकारी या डिजिटल सुविधाओं के अभाव में खुद रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकते। ऐसे विद्यार्थियों को स्कूल में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों के माध्यम से आवेदन करवाने में सहायता दी जाएगी। स्कूलों को रजिस्ट्रेशन करवाने वाले विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के अगले चरणों में हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित करना होगा।

कम रजिस्ट्रेशन वाले स्कूलों पर रहेगी नजर

इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे। उन्हें अपने जिले के सभी स्कूलों की स्कूलवार रजिस्ट्रेशन प्रगति की नियमित समीक्षा करनी होगी। जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन संख्या कम होगी, उनसे तुरंत संपर्क कर आवश्यक कदम उठाने होंगे। विभाग का जोर इस बात पर है कि कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी या तकनीकी सहायता की कमी के कारण प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के अवसर से वंचित न रह जाए।

17 नवंबर को स्कूल प्रमुखों को दी जाएगी जानकारी

विभाग की ओर से 17 नवंबर को सुबह 10 बजे यूट्यूब लाइव ओरिएंटेशन सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें स्कूल प्रमुखों को प्रतियोगिता के प्रारूप, विद्यार्थियों की पात्रता, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और स्कूलों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

रजिस्ट्रेशन 14 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर तक चलेगा। एक जनवरी 2027 को 15 से 30 वर्ष की आयु वाले पंजाब के निवासी या पंजाब के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी इसमें भाग लेने के पात्र होंगे।

विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन करवाने और इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।