पंजाब में गठबंधन को तैयार कांग्रेस, 30-32 सीटों पर CPI-CPIM के सहारे गणित सुधारने की कोशिश; हाईकमान लेगा आखिरी फैसला
शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन के बाद पंजाब में कांग्रेस भी चुनावी गठबंधन की संभावनाओं पर विचार कर रही है, हालांकि उसके विकल्प सीमित हैं।
-1795713708974_m.webp)
पंजाब में गठबंधन को तैयार कांग्रेस, लेकिन विकल्प सीमित।
HighLights
अकाली दल-भाजपा गठबंधन ने पंजाब विधानसभा चुनाव के समीकरण बदले।
कांग्रेस इंडिया ब्लॉक और वाम दलों से गठबंधन पर विचार।
युवा उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की मांग, हाईकमान लेगा फैसला।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन के बाद पंजाब विधानसभा चुनाव के समीकरण बदल गए हैं। अब तक मजबूत स्थिति मान रही कांग्रेस ने भी गठबंधन की संभावनाओं पर मंथन शुरू कर दिया है। हालांकि, मौजूदा हालात में उसके सामने विकल्प सीमित हैं।
अकाली दल-भाजपा गठबंधन के बाद पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह ने कहा कि पार्टी इंडिया ब्लाक के सहयोगी दलों के साथ गठबंधन कर सकती है। इस पर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। उनके मुताबिक, पंजाब में किसान और कर्मचारी वर्ग का बड़ा हिस्सा है, जो चुनाव में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सीपीआई और सीपीआईएम के साथ गठबंधन की संभावना भी जताई।
सीपीआई के वोट आधार के बारे में पूछे जाने पर परगट सिंह ने कहा कि कम से कम 30 से 32 सीटों पर उसका वोट शेयर है। विधानसभा की कई सीटों पर हार-जीत का अंतर 500 से 1000 वोट तक रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में सीपीआई के 2500 से 3000 वोट भी नतीजों पर असर डाल सकते हैं। गठबंधन की संभावनाओं पर विचार के लिए गठित कमेटी काम कर रही है और अंतिम निर्णय हाईकमान करेगा।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव में उन्हीं दलों से गठबंधन कर सकती है, जिनकी विचारधारा पार्टी से मेल खाती हो। फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है। कमेटी अपनी राय हाईकमान के सामने रखेगी, जिसके बाद गठबंधन पर निष्कर्ष निकलेगा। कैंपेन कमेटी के चेयरमैन और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ चुनाव में उतरेगी। गठबंधन का फैसला हाईकमान करेगा।
वड़िंग ने की युवा उम्मीदवारों को प्राथमिकता की वकालत
कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इस बार 65 से 70 सीटें युवाओं को देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जीत के लिए युवाओं को आगे लाना जरूरी है। 2022 के चुनाव का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कई युवा और नए चेहरों ने बड़े नेताओं को हराया था। गठबंधन पर फैसला हाईकमान पर छोड़ा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।