विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

625 KM की साइकिल यात्रा से पंजाब में चुनावी अभियान शुरू करेगी कांग्रेस, 2000 से ज्यादा लोग होंगे शामिल

By Dr Sumit Singh SheoranEdited By: Prince Sharma
Published: Mon, 09 Nov 2026 03:03 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस 12 नवंबर से 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' शुरू कर रही है, जो 625 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

पंजाब में साइकिल रैली शुरू करेगी कांग्रेस (फाइल फोटो)

पंजाब में साइकिल रैली शुरू करेगी कांग्रेस (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पंजाब कांग्रेस 12 नवंबर से 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' शुरू करेगी

  2. यात्रा 625 किलोमीटर तय कर 27 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी

  3. नशे के खिलाफ जागरूकता और 2027 चुनाव पर केंद्रित होगी

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर अपना चुनावी अभियान तेज करने जा रही है।

इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस 12 नवंबर से ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ शुरू करेगी। नशे के खिलाफ जागरूकता और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों को लेकर निकाली जाने वाली यह यात्रा आठ दिन तक चलेगी।

12 नवंबर को श्री चमकौर साहिब से शुरू होकर 19 नवंबर को खन्ना में इसका समापन होगा। इस दौरान साइकिल यात्रा करीब 625 किलोमीटर का सफर तय करते हुए पंजाब के 27 विधानसभा हलकों और 24 शहरों व कस्बों से होकर गुजरेगी।

दो हजार से ज्यादा लोग होंगे शामिल

पंजाब कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में आयोजित होने वाली इस यात्रा में दो हजार से अधिक साइकिल सवारों के शामिल होने की तैयारी है।

कांग्रेस इसे केवल नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसके जरिए पार्टी 2027 के चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत और कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की रणनीति पर काम कर रही है।

यात्रा में पंजाब कांग्रेस के प्रधान परगट सिंह, पार्टी प्रभारी सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित प्रदेश के सभी प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

पार्टी की योजना है कि अलग-अलग विधानसभा हलकों से गुजरने के दौरान वहां के संबंधित नेता और विधायक अपने-अपने क्षेत्र में यात्रा के साथ जुड़ेंगे। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक सीधा संपर्क बनाने की कोशिश होगी।

यात्रा के शुरुआती कार्यक्रम में दिल्ली से भी कांग्रेस का कोई बड़ा नेता शामिल हो सकता है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नामों पर चर्चा है।ॉ

जल्द होगा अंतिम फैसला

हालांकि, दिल्ली से शामिल होने वाले नेताओं को लेकर अंतिम फैसला अगले एक-दो दिनों में होने की संभावना है। इसी सप्ताह यात्रा के पूरे कार्यक्रम और रूट को अंतिम रूप दिया जाएगा।


यात्रा के दौरान नशे, भ्रष्टाचार और पंजाब की कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य इन मुद्दों पर लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के साथ चुनावी माहौल तैयार करना है।

साइकिल यात्रा के बाद इसी महीने प्रियंका गांधी वाड्रा की भी पंजाब में रैली करवाने की तैयारी है। इस तरह राहुल गांधी की संगरूर रैली के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की लगातार सक्रियता के जरिए पंजाब में अपने चुनावी अभियान को गति देने की कोशिश में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।