Move to Jagran APP

पंजाब कैबिनेट का हुआ विस्तार, गुरमीत सिंह खुड्डीयां व बलकार सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ

पंजाब सरकार ने बुधवार को हुए चौथे मंत्रिमंडल विस्तार में आप विधायक गुरमीत सिंह खुड्डीयां और बलकार सिंह को मंत्री बनाकर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

By AgencyEdited By: Nidhi VinodiyaPublished: Wed, 31 May 2023 05:30 PM (IST)Updated: Wed, 31 May 2023 05:30 PM (IST)
पंजाब कैबिनेट का हुआ विस्तार, गुरमीत सिंह खुड्डीयां व बलकार सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ
पंजाब कैबिनेट का हुआ विस्तार, गुरमीत सिंह खुड्डीयां व बलकार सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ

चंडीगढ़, पीटीआई । पंजाब सरकार ने बुधवार को हुए चौथे मंत्रिमंडल विस्तार में आप विधायक गुरमीत सिंह खुड्डीयां और बलकार सिंह को मंत्री बनाकर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान भी वहां मौजूद थे।

loksabha election banner

खुड्डीयां को कृषि और किसान कल्याण, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी विकास और खाद्य प्रसंस्करण विभागों को सौंपा गया, जबकि बलकार सिंह को स्थानीय सरकार और संसदीय मामलों के विभाग मिले।

मान ने विभागों की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर पहले ही साझा कर दी थी।

खुड्डीयां के पहले कुलदीप धालीवाल थे मंत्री 

इससे पहले कृषि और किसान कल्याण विभाग कुलदीप सिंह धालीवाल के पास था। जल संसाधन, खान और भूविज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण, खेल और युवा सेवा विभाग रखने वाले गुरमीत सिंह मीत हायर को भूमि और जल संरक्षण विभाग दिया गया है।

परिवहन विभाग संभाल रहे लालजीत सिंह भुल्लर को ग्रामीण विकास और पंचायतें दी गई हैं जो पहले धालीवाल के पास थीं। भुल्लर पहले पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास और खाद्य प्रसंस्करण भी संभाल रहे थे, जो अब खुड्डीयां को दे दिया गया है।

निज्जर ने मंगलवार को दिया था इस्तीफा

इंदरबीर सिंह निज्जर, जिन्होंने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, पहले स्थानीय सरकार, संसदीय मामलों, भूमि और जल संरक्षण और प्रशासनिक सुधारों को संभाल रहे थे।

बता दें कि 60 वर्षीय खुड्डीयां मुक्तसर की लंबी सीट से विधायक हैं। वह पार्टी के बड़े नेता हैं, जिन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पांच बार मुख्यमंत्री रहे स्व प्रकाश सिंह बादल को उनके घरेलू मैदान से 11,396 मतों के अंतर से हराया था।

पहली बार विधायक बने खुड्डीयां 2021 में कांग्रेस छोड़ने के बाद आप में शामिल हुए थे।

वहीं दूसरी ओर 60 वर्षीय बलकार सिंह जालंधर में करतारपुर आरक्षित सीट से विधायक हैं। बलकार सिंह एक पूर्व पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त होने के बाद 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए थे। बलकार सिंह पहली बार विधायक भी बने हैं।

सुशील कुमार रिंकू ने लोकसभा उपचुनाव में की जीत दर्ज

करतारपुर विधानसभा सीट जालंधर संसदीय क्षेत्र में आती है, जहां से इस महीने हुए उपचुनाव में आप उम्मीदवार सुशील रिंकू ने जीत दर्ज की थी। जालंधर संसदीय क्षेत्र के कुल नौ विधानसभा क्षेत्रों में से करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से सुशील कुमार रिंकू ने सबसे अधिक बढ़त हासिल की थी।

बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को निज्जर का इस्तीफा स्वीकृति के लिए राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को भेज दिया था।

बरजिंदर सिंह हमदर्द सतर्कता ब्यूरोकी जांच के दायरे में

निज्जर का इस्तीफा पंजाबी अखबार अजीत के प्रधान संपादक बरजिंदर सिंह हमदर्द को समर्थन देने के उनके कथित बयान के बाद आया है। यहां यह भी बता दें कि जालंधर में 315 करोड़ रुपये के जंग-ए-आजादी स्मारक के निर्माण में धन के कथित दुरुपयोग को लेकर बरजिंदर सिंह हमदर्द सतर्कता ब्यूरो की जांच के दायरे में है।

दो नए मंत्रियों के शामिल होने और निज्जर के इस्तीफे के बाद, कैबिनेट में कुल मंत्रियों की संख्या 16 हो गई है। कैबिनेट में कुल 18 मंत्रियों की जगह हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.