पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी, 12 नवंबर से ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू; सभी 23 जिलों में होगी लाइव वेबकास्टिंग
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसके तहत 12 नवंबर 2026 से सभी 23 जिलों ...और पढ़ें
-1794321916076_m.webp)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा। फोटो जागरण
HighLights
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज।
12 नवंबर 2026 से ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू।
पारदर्शिता के लिए सभी 23 जिलों में लाइव वेबकास्टिंग।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी जिलों में 12 नवंबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू होगी। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि चुनाव से पहले ईवीएम और वीवीपैट की जांच करना निर्वाचन आयोग की अनिवार्य प्रक्रिया है।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विधानसभा चुनाव में केवल पूरी तरह कार्यशील और तकनीकी रूप से सही मशीनों का ही इस्तेमाल हो। जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियर करेंगे। एफएलसी में सही पाई जाने वाली मशीनों को चुनाव के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया की होगी लाइव निगरानी
उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सभी 23 जिलों में एफएलसी की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर दो डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं। इनमें से एक स्क्रीन एफएलसी स्थल और दूसरी संबंधित डीसी कार्यालय में होगी।
इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भी विशेष स्क्रीन के माध्यम से पूरी प्रक्रिया की लाइव निगरानी की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से भी इसके लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
अनिंदिता मित्रा ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे एफएलसी के दौरान मौजूद रहने के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा सभी हितधारकों का विश्वास मजबूत होगा।