पंजाब में 25 नवंबर को बंद रहेंगे आम आदमी क्लीनिक, प्रदेशभर में मरीजों को झेलनी पड़ेगी परेशानी
पंजाब के आम आदमी क्लीनिक 25 नवंबर को बंद रहेंगे, क्योंकि मेडिकल स्टाफ अपनी मांगों को लेकर संगरूर में प्रदर्शन करेगा। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

कर्मचारियों ने किया हड़ताल का एलान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
कर्मचारी संगरूर में रोष प्रदर्शन करेंगे।
भूख हड़ताल का भी किया गया एलान।
प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी प्रभावित।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में 25 नवंबर को स्वास्थ्य सेवाएं बंद रहेंगी। अपनी मांगों को लेकर मेडिकल आफिसर, फार्मेसी ऑफिसर और क्लीनिकल असिस्टेंट संगरूर में रोष प्रदर्शन करेंगे।
आम आदमी क्लीनिक साझा फ्रंट, पंजाब ने इस दौरान भूख हड़ताल करने का भी एलान किया है। हड़ताल के कारण प्रदेशभर के क्लीनिकों में मरीजों को इलाज और दवा लेने में परेशानी हो सकती है। फ्रंट के अनुसार कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगें उठा रहे हैं।
इस संबंध में मिशन डायरेक्टर एनएचएम पंजाब आईएएस साक्षी साहनी, पूर्व डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डाॅ. हतिंदर और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ बैठकें भी हो चुकी हैं। मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी, लेकिन लागू करने के लिए लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं।
कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर मांगें पूरी करवाने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं होते, संघर्ष जारी रहेगा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- आम आदमी क्लीनिकों के सभी कर्मचारियों की सेवाएं नियमित की जाएं।
- महंगाई और काम के दबाव को देखते हुए इंसेंटिव बढ़ाया जाए।
- टीबी, डाग बाइट, कुपोषण, शुगर, बीपी और गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए अलग इंसेंटिव मिले।
- रविवार और सरकारी छुट्टियों में काम करने पर पूरा वेतन और इंसेंटिव दिया जाए।
- कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुविधा मिले।
- ओपीडी में मरीज कम होने पर भी कम से कम 75 मरीजों के बराबर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।