क्या PU में प्रोफेसर्स की रिटायरमेंट एज 5 साल बढ़ेगी? 60 से 65 करने की मांग; उपराष्ट्रपति के समक्ष उठा मुद्दा
पुटा प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति से मुलाकात कर पंजाब विश्वविद्यालय में शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने ...और पढ़ें

पीयू में प्रोफेसर से सीनियर प्रोफेसर पद पर पदोन्नति का मुद्दा भी उठाया। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पुटा प्रतिनिधिमंडल ने पीयू के चांसलर से की मुलाकात।
करियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत पदोन्नति पर भी चर्चा।
शोध को उद्योगों से जोड़ने और पारदर्शिता पर जोर।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में प्रोफेसर्स की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने और पदोन्नति से जुड़े लंबित मामलों को लेकर एक बार फिर मांग उठी है। पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय के चांसलर सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष करने में हस्तक्षेप की मांग की।
इस फैसले का असर विश्वविद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के सेवा कार्यकाल और शैक्षणिक अनुभव का लाभ विद्यार्थियों को मिलने पर भी पड़ेगा।
पुटा अध्यक्ष प्रो. परवीन गोयल और सचिव प्रो. जयवंती दत्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति से उनके कार्यालय में मुलाकात की। यह पुटा के वर्तमान नेतृत्व की चांसलर के साथ उनके दिल्ली स्थित कार्यालय में पहली बैठक थी।
इस दौरान शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के साथ विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत प्रोफेसर से सीनियर प्रोफेसर पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया समय पर लागू करने की मांग रखी। पुटा का कहना है कि शिक्षकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पदोन्नति का लाभ मिलना चाहिए।
रोस्टर व्यवस्था उचित तरीके से लागू हो
इसके अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की उपलब्धता और जरूरत के अनुसार उनकी तैनाती करने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके लिए कर्मचारी रोस्टर व्यवस्था को उचित तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। बैठक में विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को उद्योगों से जोड़ने, नवाचार, उद्यमिता, पेटेंट और पीएचडी में नामांकन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए शोध पुरस्कार और सम्मान देने की व्यवस्था शुरू करने का सुझाव दिया। साथ ही विश्वविद्यालय में कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों के बीच विश्वास और पारदर्शिता मजबूत करने की जरूरत बताई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।