पंजाब में कल होगी वोटिंग, PU सीनेट चुनाव में 15 सीटों पर मतदान; 51 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट के पंजीकृत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 15 सीटों के लिए कल 20 सितंबर को मतदान होगा, जिसमें 51 उम्मीदवार मैदान में हैं।
-1789813648161_m.webp)
15 सीटों के लिए 20 सितंबर को होगा मतदान।
HighLights
पंजीकृत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 15 सीटों पर मतदान कल
PU सीनेट चुनाव में 51 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
मतगणना 23 सितंबर से शुरू होकर कई दिनों तक चलेगी
डा सुमित सिंह श्योराण चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट के पंजीकृत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 15 सीटों के लिए रविवार, 20 सितंबर को मतदान होगा। इस चुनाव को लेकर पंजाब में सबसे अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं और बड़ी संख्या में उम्मीदवार भी पंजाब से ही मैदान में हैं।
चुनाव में राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं के अलावा अधिवक्ता, शिक्षक, पूर्व छात्र नेता और विभिन्न सामाजिक एवं संस्थाओं से जुड़े लोग भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में मतदान से एक दिन पहले उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनेट विश्वविद्यालय की गर्वनिंग बॉडी है और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुने जाने वाले 15 सदस्य इसमें अहम भूमिका निभाते हैं। इस बार 51 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार पंजीकृत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 281 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए 1500 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पूरी चुनाव प्रक्रिया पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पंजाब में सबसे ज्यादा मतदान केंद्र, राजनीतिक दलों की भी नजर
इस चुनाव की खास बात यह है कि मतदान क्षेत्र सात राज्यों तक फैला हुआ है। चंडीगढ़ के अलावा पंजाब और हरियाणा में भी बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें पंजाब में सबसे अधिक मतदान केंद्र हैं। यही कारण है कि पंजाब से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क तेज कर दिया है।
चुनाव मैदान में ऐसे कई उम्मीदवार भी हैं जो पहले सीनेट में चुने जा चुके हैं और इस बार दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों से जुड़े लोग भी चुनाव मैदान में हैं।
हालांकि यह चुनाव औपचारिक रूप से विश्वविद्यालय का निर्वाचन है, लेकिन उम्मीदवारों के राजनीतिक और सामाजिक संपर्कों के कारण विभिन्न दलों से जुड़े नेताओं की सक्रियता भी देखने को मिल रही है।
सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान
रविवार को मतदान सुबह आठ बजे शुरू होगा। दोपहर 1:15 से 2 बजे तक भोजनावकाश रहेगा। इसके बाद दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक फिर मतदान होगा। मतदाताओं को मतदान के दौरान अपना पहचान पत्र और मतदाता क्रमांक साथ रखना होगा। विश्वविद्यालय की ओर से मतदान केंद्रों और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी चुनाव पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव सामान्य चुनाव से अलग है। इसमें मतदाता केवल एक उम्मीदवार को चुनने के बजाय अपनी पसंद के उम्मीदवारों को प्राथमिकता क्रम में अंकित कर सकते हैं।
यानी मतदाता अपनी पसंद के प्रत्याशियों के नाम के सामने क्रमवार प्राथमिकता दर्ज कर सकता है। इसी वजह से इस चुनाव की मतगणना भी लंबी प्रक्रिया होती है।
23 सितंबर से शुरू होगी मतगणना, तीन से चार दिन चलेगी
पंजाब यूनिवर्सिटी के अनुसार मतदान के बाद 23 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से जिम्नेजियम हॉल में मतगणना शुरू होगी। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतपत्र और प्राथमिकता के आधार पर मतदान होने के कारण मतगणना में कई दिन लग सकते हैं। पिछले चुनावों में भी मतगणना का क्रम कई दिनों तक चला है।
पंजाब यूनिवर्सिटी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इसलिए भी खास माना जाता है क्योंकि यहां से चुने गए कई सदस्य आगे चलकर सार्वजनिक जीवन और राजनीति में सक्रिय रहे हैं।
इस बार भी विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण पंजाब में इस चुनाव को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- पंजाब के तरनतारन में सैलून मालिक को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती; 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
