विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में आठवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 5 मार्च से, दसवीं की 19 मार्च से; PSEB ने जारी किया शेड्यूल

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:59 PM (IST)

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह शेड्यूल पहले ही घोषित किया गया है।

पंजाब बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी। (सांकेतिक फोटो)

पंजाब बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. विधानसभा चुनाव को देखते शेड्यूल पहले किया जारी।

  2. प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 से 20 जनवरी तक होंगी।

  3. लिखित परीक्षाएं 5 मार्च से अप्रैल तक चलेंगी।

जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आठवीं, दसवीं और 12वीं कक्षा की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस बार परीक्षा कार्यक्रम पहले ही निर्धारित किया गया है, ताकि चुनावी ड्यूटियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के कारण परीक्षाओं के संचालन में कोई बाधा न आए।

बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, तीनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। लिखित परीक्षाओं में आठवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 5 मार्च से शुरू होंगी, जबकि दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू की जाएंगी।

आठवीं कक्षा की लिखित परीक्षाएं 18 मार्च तक, दसवीं की 20 अप्रैल तक और 12वीं की परीक्षाएं 23 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। दसवीं और 12वीं कक्षा के लिखित परीक्षा कार्यक्रम में ओपन स्कूल की परीक्षाएं भी शामिल हैं।

बोर्ड के चेयरमैन डा. अमरपाल सिंह ने परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे तैयारी के लिए मिले समय का सदुपयोग करें और आत्मविश्वास के साथ मेहनत करें। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बोर्ड की ओर से विस्तृत डेटशीट अलग से जारी की जाएगी। विद्यार्थी इसे पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर देख सकेंगे।

प्रमुख परीक्षा कार्यक्रम

कक्षा प्रैक्टिकल परीक्षा लिखित परीक्षा
आठवीं 8–20 जनवरी 5–18 मार्च
दसवीं 8–20 जनवरी 19 मार्च–20 अप्रैल
12वीं 8–20 जनवरी 5 मार्च–23 अप्रैल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।