दहशत के बीच दिखा जज्बा: पंजाब में Corona से निपटने में कैदियों ने बढ़ाए हाथ
पंजाब में कोरोना की दहशत के बीच इससे लड़ने का जज्बा भी दिख रहा है। कोरोना से लडा़ई में कैदी भी अपना योगदान दे रहे हैं। गुरदासपुर जेल के कैदी मास्क और सैनिटाइजर बना रहे हैं।
चंडीगढ़, [इन्द्रप्रीत सिंह]। पंजाब में भी कोरोना वायरस की दहशत है। राज्य में COVID-19 के दो मामले की पुष्टि और कई संदिग्ध मरीजों के मिलने से हड़कंप है, लेकिन इस सबके बीच इससे लड़ने का जज्बा भी दिख रहा है। इस लड़ाई में सरकार और डॉक्टरों के संग अब कैदियों ने भी अपना हाथ बढ़ाया है। पंजाब की जेलों में बंद कैदी भी आफत की इस घड़ी में लोगों के संग कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए हैं। कोराेना को लेकर हलचल बढ़ने के साथ ही मास्क और सेनिटाइजर को महंगे दामों पर बेचे जाने की खबरें आम आ रही हैं तो, कैदियों ने इसकी कमी दूर करने के लिए मास्क और सेनिटाइजर बनाने का काम अपने हाथ में ले लिया है।
जेल में ही तैयार कर रहे हैं मास्क और सेनेटाइजर जेल में कैदियों से बंद की मुलाकातें
जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि बताया कि गुरदासपुर की जेल में बड़े स्तर पर मास्क व सेनिटाइजर बनाए जा रहे हैं हालांकि अभी ये बाजार में नहीं भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमसे कोई मांग भी नहीं की है लेकिन अगर मांग आई तो मास्क और सेनिटाइजर उन्हें उपलब्ध भी करवाए जाएंगे। रंधावा ने बताया कि सभी कैदियों को दो दो मास्क दिए गए हैं। साथ ही सेनेटाइजर सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को दिया गया ताकि कोई भी अंदर आए तो उसे सेनेटाइज किया जा सके।
पंजाब की जेलों में मात्र 300 कैदी ज्यादा
देश की ज्यादातर जेलों में जहां क्षमता से कहीं ज्यादा कैदी हैं वहीं पंजाब में जरूरत से मात्र 300 ही ज्यादा हैं। राज्य की जेलों में इस समय 23500 कैदी हैं। इसके लिए विभाग में इस बात पर विचार किया जा रहा है कि छोटे जुर्म वाले अंडर ट्रायल अपराधियों की अदालत से जमानत देने पर जल्द से जल्द उन्हें छोड़ा जाए। साथ ही जिन लोगों को सजाएं हो चुकी हैं और उन्होंने पैरोल के लिए आवेदन किया हुआ है उन्हें समय से पहले भी पैरोल दे दी जाए।
कैदियों के साथ मुलाकातें बंद
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि कैदी जेल में पूरी तरह सुरक्षित हैं लेकिन मुलाकात करने आने वालों से उन्हें ज्यादा खतरा है। इसलिए फिलहाल सभी तरह की मुलाकातें बंद कर दी गई हैं। जेल मंत्री ने बताया कि जिन जेलों में जरूरत से ज्यादा कैदी हैं उन्हें दूसरी जेलों में शिफ्ट किया।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में Covid-19 के मरीज की पुष्टि, इंग्लैंड से लौटी युवती का टेस्ट पॉजीटिव
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें