विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीरकपुर मुठभेड़: प्रभ दासूवाल के कहने पर की थी एएसआई इकबाल सिंह की हत्या, हैप्पी बाहमण गिरफ्तार

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:42 PM (GMT+05:30)

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रभ दासूवाल के कहने पर हैप्पी बाहमण और भिंदा तरनतारन ने एएसआई इकबाल सिंह की हत्या की थी।

ASI इकबाल सिंह (बाईं ओर)। पुलिस मुठभेड़ में घायल अमनदीप उर्फ हैप्पी बामण (बाईं ओर)। जागरण

ASI इकबाल सिंह (बाईं ओर)। पुलिस मुठभेड़ में घायल अमनदीप उर्फ हैप्पी बामण (बाईं ओर)। जागरण

HighLights

  1. प्रभ दासूवाल ने एएसआई इकबाल सिंह की हत्या का आदेश दिया

  2. हैप्पी बाहमण और भिंदा तरनतारन ने वारदात को अंजाम दिया

  3. हैप्पी बाहमण मुठभेड़ के बाद जीरकपुर से गिरफ्तार, घायल

संदीप खत्री, मोहाली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रभ दासूवाल के कहने पर हैप्पी बाहमण और भिंदा तरनतारन ने काउंटर इंटेलिजेंस के एएसआई इकबाल सिंह की हत्या की थी। दोनों ने 11 अक्टूबर को तरनतारन में बाइक पर सवार होकर वारदात को अंजाम दिया था।

जीरकपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हैप्पी बाहमण फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। मुठभेड़ के दौरान उसकी जांघ में गोली लगी थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस उसका रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी।

एजीटीएफ पंजाब ने शुक्रवार को जीरकपुर में स्थित एक होटल में छिपकर बैठे डोनी बल और प्रभ दासुवाल के गुर्गे अमनदीप सिंह उर्फ हैप्पी बाह्मण को गिरफ्तार किया था। आरोपित को पकड़ने के दौरान हैप्पी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी करवाई में उसकी दाईं जांघ में गोली लगी थी।

एएसआई इकबाल सिंह गैंग्सटर सत्ता नौशहरा के चाचा थे। सत्ता नौशहरा की दूसरे गैंग के साथ चल रही गैंगवार में पहले भी कई वारदात हो चुकी हैं। इसी गैंगवार के चलते इकबाल सिंह की हत्या की गई थी। पुलिस जांच में प्रभ दासूवाल का नाम सामने आया है। उसने ही हैप्पी और भिंदा को इकबाल सिंह की हत्या का टारगेट दिया था। इस मामले में डोनी बल का नाम भी सामने आया है। सत्ता नौशहरा को आतंकी भी घोषित किया जा चुका है।

11 अक्टूबर को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने इकबाल सिंह को उनकी पत्नी दर्शन कौर के सामने गोलियां मारी थीं। उनकी छाती में चार गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस हत्या के एक महीने पहले 11 सितंबर को इकबाल सिंह के भतीजे अजमीत सिंह की भी हत्या हुई थी।

हत्या के बाद इंटरनेट मीडिया पर डोनी बल और उससे जुड़े लोगों के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए पोस्ट भी डाली गई थी। इसमें हत्या को गांव तूत के सरपंच अश्विनी देवगन की हत्या का बदला बताया गया था।

हैप्पी बाहमण के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस रिमांड हासिल कर उससे हत्या की साजिश और अन्य जानकारियों को लेकर पूछताछ करेगी। वहीं, फरार भिंदा तरनतारन की तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।