सुखबीर बादल पर चल रहे मानहानि केस में पुलिस ने दायर की जांच रिपोर्ट Chandigarh News
रिपोर्ट में एसएचओ ने जांच कर बताया कि शिकायतकर्ता राजिंदर पाल ने जो केस सुखबीर बादल के खिलाफ अदालत में दायर किया है उसके तथ्यों की जांच उन्होंने की है और वह सही है।
चंडीगढ़, जेएनएन। अखंड कीर्तनी जत्थे और उसके प्रवक्ता को आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा का राजनीतिक चेहरा बताने के मामले में पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की परेशानी बढ़ सकती है। दरअसल इसी साल अप्रैल महीने में जिला अदालत में जज गीतांजली गोयल ने संबंधित थाना एसएचओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने को कहा था। अब वीरवार को मामले की जांच रिपोर्ट एसएचओ द्वारा कोर्ट में पेश कर दी गई है।
रिपोर्ट में एसएचओ ने जांच कर बताया कि शिकायतकर्ता राजिंदर पाल ने जो केस सुखबीर बादल के खिलाफ अदालत में दायर किया है, उसके तथ्यों की जांच उन्होंने की है और वह सही है। बताया कि जिन अखबारों में मानहानि संबंधित कंटेट छपा था, उनकी जांच उन्होंने खुद की है। अब मामले की अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।
क्यों किया बादल ने ऐसा
शिकायत में मोहाली निवासी रा¨जदर पाल ने बताया कि अखंड कीर्तनी धार्मिक जत्था है और पूरे वर्ल्ड में जत्थे का नाम है। सुखबीर ने उनके और जत्थे के बारे में जो कहा, इस वजह से उनका काफी नाम खराब हुआ है। बताया कि उनके एक दोस्त ने बादल के दिए बयानों के बाद उससे बात करनी ही छोड़ दी है। उसने और अखंड कीर्तनी जत्थे ने श्री गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी को रोकने में नाकाम रही पंजाब सरकार की निंदा की थी। इसके साथ ही बादल इस वजह से भी उनसे नफरत करते हैं। क्योंकि बेअदबी के विरोध में पंजाब के बेहबल कलां गांव में सिख संगत इकट्ठा हुई थी। लेकिन शांतिपूर्ण विरोध कर रहे संगत पर सुखबीर सिंह बादल और उनके पिता प्रकाश सिंह बादल ने गोलियां चलवाई थी जिसकी निंदा कीर्तनी जत्था और राजिंदर पाल लगातार कर रहे हैं।
केजरीवाल के ब्रेकफास्ट करने के बाद जत्थे को बोला था आतंकवादी चेहरा
राजिंदर पाल ने अपने केस में आरोप लगाए हैं कि चार जनवरी, 2017 को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके घर सुबह के समय उनसे मिलने आए थे। उनके बीच में सामान्य बातचीत हुई। यह बात कईं समाचार पत्रों में छपी। इसके बाद एक समाचार पत्र को साक्षात्कार देते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि केजरीवाल पंजाब से चुनाव लड़ना चाहते हैं। लेकिन उन्हें पंजाब की प्रकृति, परंपरा और पंथ के बारे में कुछ नहीं पता। भगवान न करे अगर पंजाब में आप पार्टी की सरकार आती है तो अराजकता फैला देगी। आप आंदोलन में विश्वास करती है शासन में नहीं। केजरीवाल पंजाब में आए और उग्र लोगों से मेज-जोल बढ़ा रहे हैं। कुछ दिन पहले केजरीवाल ने पंजाब में अखंड कीर्तनी जत्थे के साथ ब्रेकफास्ट किया। बब्बर खालसा जो वैश्विक स्तर पर एक आतंकवादी संगठन है, अखंड कीर्तनी जत्था उसका राजनीतिक चेहरा है। इसके साथ ही कहा था कि सरबत खालसा जिसे खालिस्तान घोषित कर दिया गया है, उसके जत्थेदारों के साथ डिनर किया है। अब राजिंदर ने शिकायत में बताया कि सुखबीर बादल ने जान-बूझकर ऐसा किया है। बताया कि इससे उनकी काफी इमेज खराब हुई है। उनका किसी भी बब्बर खालसा संगठन से कोई लेना-देना नहीं है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें