PM मोदी कल पहुंचेंगे चंडीगढ़, 2 किलोमीटर का एरिया हाई सिक्योरिटी जोन, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे नड्डा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे के लिए शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें 3000 सुरक्षाकर्मी तैनात ...और पढ़ें

पेक में पीएम दौरे से पहले व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रशासक गुलाबचंद कटारिया।
HighLights
पीएम मोदी के चंडीगढ़ दौरे के लिए सुरक्षा कड़ी।
पीईसी कार्यक्रम स्थल पर 3000 पुलिसकर्मी तैनात।
राजेंद्र पार्क से पीईसी तक 2 किमी हाई सिक्योरिटी जोन।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। शहर में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर करीब 3000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
राजेंद्र पार्क से पीईसी तक लगभग 2 किलोमीटर क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। वहीं, वीरवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे।
वहीं, पीएम के दौरे से पहले जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, आपात सेवाओं और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। सभी संबंधित विभागों को सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नयागांव बैरियर से ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
पीएम के काफिले की आवाजाही के दौरान चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से पेक लाइट प्वाइंट और सेक्टर-2/3/10/11 चौक तक यातायात को डायवर्ट या प्रतिबंधित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से दोपहर 3 बजे तक इस मार्ग का उपयोग करने से बचने की अपील की है।
कार्यक्रम स्थल पर कड़े सुरक्षा प्रबंध
पेक में कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि प्रवेश सुबह 11 बजे से दिया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को पानी की बोतल सहित कोई भी सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी आगंतुकों की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी।
