रामदरबार स्कूल में गेहूं के साथ-साथ बंटा कोरोना, फिजिकल डिस्टेंसिंग का नहीं रखा गया ख्याल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और वल्र्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन लोगों से उचित दूरी बनाए रखने की बात कर रहा है लेकिन शहर में लोग निर्देशों को हवा में उड़ा रहे हैं।
चंडीगढ़, वैभव शर्मा। शहर में कोरोना संक्रमित केस रोजाना बढ़ रहे हैं। उसके बावजूद न तो शहर के लोग नियमों को तोड़ने से बाज आ रहे हैं और न ही प्रशासन उन्हें रोकने में सफल हो पा रहा है। इसका खामियाजा शहर को भुगतना पड़ रहा है। शहर की मार्केट से लेकर पार्क तक में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और वल्र्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन लोगों से उचित दूरी बनाए रखने की बात कर रहा है लेकिन शहर में लोग इस निर्देश को हवा में उड़ा रहे हैं। ऐसा ही एक मंजर रामदरबार कॉलोनी में देखने को मिला है। यहां लोगों को कनक (गेंहू) बांटी गई। इस दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया।
शहर में ऐसा मंजर पहली बार देखने को नहीं मिल रहा है। इससे पहले भी कई जगहों पर राशन बांटते समय लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी। जिसके बाद भी प्रशासन की आंखें नहीं खुली। रामदरबार में एक बार फिर लोगों की भीड़ ने सभी नियमों को ताक पर रखा। राशन बांटते समय किसी भी अधिकारी या फिर कर्मी ने लोगों में दूरी बनाने के लिए कोशिश नहीं की।