74 वर्षीय महिला के दिल का वाॅल्व बदला, हैदराबाद में डाॅक्टरों ने लाइव देखी चंडीगढ़ PGI की तकनीक
पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों ने 74 वर्षीय महिला के गंभीर रूप से सिकुड़े दिल के वाॅल्व को बिना छाती खोले ...और पढ़ें

हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सीधा प्रसारण किया गया।
HighLights
पीजीआई ने 74 वर्षीय महिला का दिल का वाॅल्व बदला।
बिना छाती खोले कैथेटर तकनीक का उपयोग किया गया।
राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रक्रिया का सीधा प्रसारण हुआ।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिल का वाल्व गंभीर रूप से सिकुड़ जाए तो बुजुर्ग मरीज के लिए सांस लेना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बड़ी सर्जरी का जोखिम भी चुनौती बनता है।
पीजीआई के डाॅक्टरों ने 74 वर्षीय महिला का दिल का सिकुड़ा हुआ वाॅल्व बिना छाती खोले कैथेटर तकनीक से बदल दिया। इस जटिल उपचार का हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सीधा प्रसारण किया गया, जहां देशभर के हृदय रोग विशेषज्ञों ने प्रक्रिया को देखा।
पीजीआई के कार्डियोलाॅजी विभाग के प्रो. डाॅ. राजेश विजयवर्गीय ने बताया कि महिला के दिल का एओर्टिक वाॅल्व गंभीर रूप से सिकुड़ गया था। इसके कारण उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होती थी और हार्ट फेल्योर की वजह से बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा था।
मरीज की स्थिति को देखते हुए पीजीआई के एडवांस्ड कार्डियक सेंटर की बहुविषयक टीम ने ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इंप्लांटेशन (टीएवीआइ) प्रक्रिया से कृत्रिम वाल्व प्रत्यारोपित किया। इसके साथ ही तीन दिन बाद अस्पताल से मरीज को छुट्टी दे दी गई।
वाॅल्व की बनावट ने बढ़ाई चुनौती
यह प्रक्रिया सामान्य मामलों से अधिक चुनौतीपूर्ण थी। मरीज के एओर्टिक वाल्व का आधार छोटा था और हृदय की बाईं कोरोनरी धमनी का शुरुआती हिस्सा भी नीचे की ओर था।
ऐसी स्थिति में सही आकार का वाल्व चुनना और उसे सटीक जगह पर प्रत्यारोपित करना तकनीकी रूप से कठिन था। डॉक्टरों ने कैथेटर आधारित तकनीक से बिना बड़ी सर्जरी के कृत्रिम वाल्व लगाया। प्रक्रिया के तीन दिन बाद मरीज को संतोषजनक स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
2019 में शुरू हुआ था टीएवीआई कार्यक्रम
प्रो. विजयवर्गीय ने बताया कि पीजीआइ के कार्डियोलाॅजी विभाग ने वर्ष 2019 में टीएवीआई कार्यक्रम शुरू किया था। अब तक करीब 300 मरीजों में यह प्रक्रिया की जा चुकी है।
पिछले सात वर्षों में विभाग ने बुजुर्गों और जटिल शारीरिक बनावट वाले मरीजों के उपचार में अनुभव हासिल किया है। इस प्रक्रिया का राष्ट्रीय सम्मेलन में सीधा प्रसारण पीजीआई की विशेषज्ञता और आधुनिक हृदय उपचार तकनीक में योगदान को दर्शाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।