विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ PGI पर कई राज्य के मरीजों का बोझ, फिर भी पेशेंट केयर की पहली कड़ी कमजोर; 572 नर्सिंग पद खाली

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:30 AM (IST)

पीजीआई चंडीगढ़ में नर्सिंग स्टाफ के 572 पद खाली हैं, जिससे मरीजों की देखभाल प्रभावित हो रही है। आरटीआई से ...और पढ़ें

चंडीगढ़ पीजीआई में स्टाफ की कमी। (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ पीजीआई में स्टाफ की कमी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. स्टाफ की कमी से जूझ रहा चंडीगढ़ पीजीआई।

  2. नर्सिंग ऑफिसर के सर्वाधिक 389 पद रिक्त हैं।

  3. रिक्तियों से मरीजों की देखभाल पर पड़ रहा असर।

मोहित पांडेय, चंडीगढ़। पीजीआई में इलाज की उम्मीद लेकर रोजाना पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के हजारों मरीज पहुंचते हैं। चंडीगढ़ के मरीजों का भी बोझ है। डाॅक्टरों से परामर्श और उपचार के बाद मरीजों की देखभाल की सबसे अहम जिम्मेदारी नर्सिंग स्टाफ संभालता है। लेकिन संस्थान की नर्सिंग व्यवस्था में ही कर्मचारियों की भारी कमी सामने आई है।

आरटीआई में मिले सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पीजीआई में नर्सिंग एस्टेब्लिशमेंट के तहत स्वीकृत 2,963 पदों में से 572 खाली पड़े हैं। यानी करीब 19.3 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां नहीं हुई हैं। यानीू हर पांच में एक पद खाली है।

आरटीआई में मिली जानकारी के अनुसार सबसे अधिक रिक्तियां नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर हैं। इस श्रेणी में 2,265 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 1,876 पर ही कर्मचारी तैनात हैं। कुल 389 पद खाली हैं। यह सीधे तौर पर मरीजों की देखभाल से जुड़ा महत्वपूर्ण कैडर है।

इसके अलावा सीनियर नर्सिंग आफिसर के 590 स्वीकृत पदों में से 458 पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 132 पद खाली हैं। नर्सिंग व्यवस्था की निगरानी और संचालन से जुड़े वरिष्ठ पदों पर भी रिक्तियां हैं। असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के 82 पदों में से 30 खाली हैं।

वहीं, डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के 24 स्वीकृत पदों में से केवल चार पर ही नियुक्ति है और 20 पद रिक्त पड़े हैं। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट के दो पदों में से भी एक खाली है। ऐसे में नर्सिंग व्यवस्था के प्रशासनिक और पर्यवेक्षण स्तर पर भी कर्मचारियों की कमी दिखाई देती है।

भर्ती पर टिकी मरीजों की उम्मीदें

पीजीआई में देशभर से मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता मरीजों की देखभाल, दवाएं देने, उपचार के दौरान निगरानी और वार्डों में नियमित सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

रिक्त पदों के चलते कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी पड़ने की आशंका है। आरटीआई से सामने आए आंकड़ों ने संस्थान की नर्सिंग व्यवस्था में खाली पदों का मुद्दा उजागर किया है। अब इन पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया कब तेज होगी, इस पर मरीजों और कर्मचारियों की नजर रहेगी।

नर्सिंग एस्टेब्लिशमेंट में रिक्त पदों की स्थिति

पद का नाम स्वीकृत पद कार्यरत खाली पद
नर्सिंग ऑफिसर 2,265 1,876 389
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर 590 458 132
असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट 82 52 30
डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट 24 4 20
नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट 2 1 1
कुल 2,963 2,391 572

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।