जबड़े की हड्डी गलने पर बड़ी सर्जरी से हो सकता है बचाव, चंडीगढ़ PGI ने इंजेक्शन से खोजा इलाज
पीजीआई चंडीगढ़ के डॉक्टरों ने जबड़े की हड्डी गलने की दुर्लभ बीमारी के लिए डेनोसुमैब इंजेक्शन से नया उपचार खोजा ...और पढ़ें

जबड़े की हड्डी गलने की दुर्लभ बीमारी का चंडीगढ़ पीजीआई ने खोजा आसान इलाज। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पीजीआई ने जबड़े की हड्डी गलने का नया उपचार खोजा।
डेनोसुमैब इंजेक्शन से हड्डी का दोबारा निर्माण संभव हुआ।
आठ में से सात मरीजों को उपचार से मिला फायदा।
मोहित पांडेय, चंडीगढ़। जबड़े की हड्डी गलने की दुर्लभ बीमारी में अब बड़ी सर्जरी की जरूरत कम हो सकती है। पीजीआई के डाॅक्टरों ने डेनोसुमैब दवा को इंजेक्शन के जरिये सीधे प्रभावित हिस्से में पहुंचाकर हड्डी का दोबारा निर्माण करने में सफलता हासिल की है।
आठ मरीजों पर किए गए अध्ययन में सात को फायदा मिला। इस बीमारी को सेंट्रल जाइंट सेल ग्रैनुलोमा कहते हैं। इसमें जबड़े की हड्डी धीरे-धीरे नष्ट होने लगती है। गंभीर मामलों में हड्डी और आसपास के ऊतकों को हटाने के लिए बड़ी सर्जरी करनी पड़ सकती है, जिससे चेहरे की बनावट और दांतों पर असर पड़ सकता है।
यह शोध पीजीआई के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के डा. एसएस जाली और डा. वी. रत्तन तथा एंडोक्राइनोलाजी विभाग के डाॅ. वी झा और डाॅ. एसके भड़ाडा ने किया। अध्ययन में आठ से 32 वर्ष की उम्र के पांच महिला और तीन पुरुष मरीज शामिल थे।
आठ से 13 वर्ष के मरीजों को 60 मिलीग्राम और 14 वर्ष या इससे अधिक उम्र के मरीजों को 120 मिलीग्राम दवा दी गई। इंजेक्शन हर तीन महीने में लगाया गया और उपचार छह से 15 महीने तक चला।
आठ वर्षीय बच्ची को मिली राहत
अध्ययन में शामिल आठ वर्षीय बच्ची को तीन इंजेक्शन के बाद बीमारी से पूरी तरह राहत मिली। उसके जबड़े का विकास सामान्य रहा और सभी स्थायी दांत समय पर निकले। एक अन्य मरीज में दवा का असर नहीं हुआ और उसे सर्जरी करानी पड़ी।
एक मरीज में तीन साल बाद बीमारी दोबारा उभरी, जिसे फिर इंजेक्शन देकर नियंत्रित किया गया। कुछ अन्य मरीजों में अतिरिक्त हड्डी हटाने के लिए री-कंटूरिंग की गई।
36 महीने तक हुई निगरानी
मरीजों का औसतन 36 महीने तक फालोअप किया गया। डाॅक्टरों ने प्रभावित हिस्से में हड्डी का घनत्व बढ़ने और दोबारा निर्माण होने की पुष्टि की। एक मरीज में विटामिन-डी की कमी मिली, जिसे दवा से नियंत्रित किया गया। किसी अन्य गंभीर दुष्प्रभाव की जानकारी नहीं मिली।
शोध के समय तक कुल 29 मरीज अध्ययन में शामिल किए जा चुके थे। शुरुआती आठ मरीजों के नतीजे शोधपत्र में प्रकाशित किए गए हैं। बाद में शामिल 21 मरीजों को भी कम से कम तीन इंजेक्शन दिए गए थे और उनमें कोई दुष्प्रभाव सामने नहीं आया था।
यह शोध इंटरनेशनल जर्नल ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने सही खुराक, उपचार अवधि और लंबे समय तक सुरक्षा की पुष्टि के लिए बड़े अध्ययन की जरूरत बताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।