चंडीगढ़ PGI में मरीज की नहीं हो सुनवाई तो 'आयुषसाथी' करेगा मदद, व्हाट्सएप शिकायत करते ही होगा समाधान
पीजीआई चंडीगढ़ ने आयुष्मान भारत योजना के मरीजों के लिए 'आयुषसाथी' नामक डिजिटल सुविधा शुरू की है। इसके तहत मरीज ...और पढ़ें

पीजीआई ने 'आयुषसाथी' नाम से डिजिटल सुविधा शुरू। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पीजीआई ने आयुष्मान मरीजों के लिए 'आयुषसाथी' सुविधा शुरू की।
मरीज व्हाट्सएप क्यूआर कोड स्कैन कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
शिकायतों का समाधान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। इलाज के लिए पीजीआई आने वाले आयुष्मान भारत योजना के मरीजों को अब अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए काउंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
दवा नहीं मिल रही, पंजीकरण में देरी हो रही है या उपचार की मंजूरी और छुट्टी की प्रक्रिया अटकी है तो मरीज सीधे अपने मोबाइल से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए पीजीआई ने 'आयुषसाथी' नाम से डिजिटल सुविधा शुरू की है।
इस सुविधा के तहत मरीज या उनके तीमारदार अस्पताल के वार्ड में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत भेज सकेंगे। खास बात यह है कि शिकायत लिखना भी जरूरी नहीं होगा।
मरीज अपनी भाषा में बोलकर आवाज के जरिये परेशानी बता सकेंगे। इसके बाद एआई आधारित व्यवस्था के माध्यम से शिकायत संबंधित अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन तक पहुंचेगी। अधिकारी 24 घंटे इसकी निगरानी करेंगे और शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मरीज को मिलेगी।
पीजीआइ निदेशक डॉ. विवेक लाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य मरीजों को आसान और पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था उपलब्ध कराना है। पायलट प्रोजेक्ट के दौरान सामने आया कि 50 प्रतिशत शिकायतों का समाधान दो घंटे के भीतर किया गया, जबकि लगभग सभी शिकायतों का निपटारा 24 घंटे में हो गया।
इस परियोजना को डॉ. गौरव चौधरी ने एमपीएच थीसिस प्रोजेक्ट के तहत विकसित किया है। आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई समिति के चेयरपर्सन और परियोजना के मुख्य मार्गदर्शक डॉ. अरुण के अग्रवाल ने इसे मरीजों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, सह-मार्गदर्शक डॉ. शंकर प्रिंजा ने इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर में लागू करने की संभावना जताई।