केजरीवाल और बेटी को जान से मारने की धमकी देने वाला कोबरा जांगड़ा गिरफ्तार, 7 करोड़ की मांगी थी रंगदारी
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देकर 7 करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

अरविंद केजरीवाल और बेटी को धमकी देने वाला गिरफ्तार।
HighLights
केजरीवाल और बेटी को जान से मारने की धमकी
7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
रोहतक से कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मोहाली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पंजाब पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है।
पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को मोहाली की अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपित के परिवार को गिरफ्तारी के बाद ही पता चला कि उसे किस मामले में पुलिस अपने साथ लेकर गई है।
जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस की टीम 12 नवंबर को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से कोमल को अपने साथ ले गई थी। वह मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है।
पिछले कुछ वर्षों से परिवार के साथ अमृत कॉलोनी में रह रहा था। सूत्रों के मुताबिक कोमल को अपना नाम पसंद नहीं था, इसलिए उसने अपना नाम कोबरा रख लिया था।
डीसी कार्यालय में क्लर्क था, 6 महीने पहले नौकरी गई
कोमल पहले करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करता था। हालांकि, वहां से उसने खुद ही इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसे रोहतक के डीसी कार्यालय में क्लर्क की नौकरी मिल गई। यहां साथी कर्मचारियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी।
मामले को लेकर डीसी कार्यालय की ओर से उसे अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया गया था। आरोप है कि कोमल ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था।
कोमल के भाई तिलकराज के अनुसार, उसके खिलाफ पहले मारपीट और झगड़े के तीन मामले दर्ज हुए थे। हालांकि तीनों मामलों में वह बरी हो चुका है। वर्तमान में उसके खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है। तिलकराज ने यह भी दावा किया कि कोमल का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है।
उसने बताया कि कोमल ज्यादातर अकेले रहना पसंद करता है और अपने कमरे में बैठकर पढ़ाई करता रहता है। वह सामाजिक गतिविधियों में भी ज्यादा हिस्सा नहीं लेता। भाई के अनुसार कोमल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसे मिर्गी के दौरे आते हैं। इसके लिए उसकी दवाइयां भी चल रही हैं। दवा नहीं लेने पर उसे दौरे पड़ने लगते हैं।
विधायक को फोन कर मांगे थे सात करोड़ रुपये
दरअसल दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से काल और वाट्सएप मैसेज आया था। इसमें काल करने वाले ने सात करोड़ रुपये देने की मांग की थी।
रकम नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिस मोबाइल नंबर से विधायक को काल और मैसेज भेजे गए थे, वह कोमल के नाम पर रजिस्टर्ड बताया गया है।
मोहाली साइबर क्राइम थाने में दर्ज है केस
इस मामले में मोहाली के साइबर क्राइम थाने में सात नवंबर 2026 को रात 9:16 बजे अज्ञात कालर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4) और 111(2) के अलावा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया था। अब आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे धमकी देने और रंगदारी मांगने के मामले में पूछताछ कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।