विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनु भाकर से लेकर आयुष्मान खुराना तक का साथ! PU सीनेट चुनाव में डॉ. अमरेंद्र मान के समर्थन में उतरे दिग्गज

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:09 AM (IST)

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव में ग्रेजुएट कांस्टीट्यूएंसी से डॉ. अमरेंद्र मान के समर्थन में वोट की अपील की है।

अमरेंद्र मान के पक्ष में एक साथ आए देश के टॉप एथलीट्स।

अमरेंद्र मान के पक्ष में एक साथ आए देश के टॉप एथलीट्स।

HighLights

  1. अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने डॉ. अमरेंद्र मान को वोट देने की अपील की

  2. पीयू सीनेट चुनाव में ग्रेजुएट कांस्टीट्यूएंसी से डॉ. मान प्रत्याशी हैं

  3. मनु भाकर, अंजुम मोदगिल जैसे खिलाड़ियों ने डिजिटल समर्थन दिया

सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव में ग्रेजुएट कांस्टीट्यूएंसी के लिए चुनावी माहौल है। 20 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों ने डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 के प्रोफेसर डॉ. अमरेंद्र मान के समर्थन में सामने आकर उन्हें वोट देने की अपील की है।

शूटर मनु भाकर, अर्जुन अवॉर्डी अंजुम मोदगिल, जिम्नास्ट पलक गुलिया और समीरा खान तथा फुटबॉलर देवांश देवास ने डॉ. मान के समर्थन में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संदेश जारी किए हैं।

ग्रेजुएट कांस्टीट्यूएंसी की 15 सीटों के लिए कुल 51 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चंडीगढ़ से डॉ. अमरेंद्र मान के अलावा सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. जगवंत सिंह, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल बीपी यादव, शिक्षक प्रवीण कौर मान सहित कई उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

डॉ. अमरेंद्र मान डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में करीब 20 वर्षों से प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और डीएवी मैनेजमेंट की ओर से चुनाव मैदान में हैं।

छात्र और शिक्षकों के मुद्दों को बनाने का दावा

डॉ. मान का कहना है कि सीनेट में उनकी प्राथमिकता पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े विद्यार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को मजबूत तरीके से उठाना होगी। विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, आधुनिक खेल सुविधाएं, रोजगारोन्मुख शिक्षा, कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में बेहतर आधारभूत ढांचा तथा शिक्षकों और नॉन-टीचिंग स्टाफ से जुड़े मुद्दे उनके एजेंडे में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब में 5.10 लाख श्रद्धालुओं ने उठाया CM तीर्थ यात्रा योजना का लाभ, अब खाटू श्याम और वृंदावन के भी दर्शन

 

उनके अनुसार यूनिवर्सिटी से जुड़े विद्यार्थियों को ऐसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिससे वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। शिक्षकों के लिए भी अकादमिक विकास और बेहतर कार्य परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी मंच मिलना जरूरी है।

अभिनेता आयुष्मान खुराना से लेकर खिलाड़ियों तक से जुड़ा नाम

डॉ. अमरेंद्र मान पिछले करीब 20 वर्षों से डीएवी मैनेजमेंट से जुड़े हैं। इस दौरान शिक्षा, सिनेमा और खेल जगत से जुड़े कई विद्यार्थियों और प्रतिभाओं से उनका संपर्क रहा है।

उनके समर्थकों का कहना है कि संस्थान में लंबे समय तक अध्यापन के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है। गौरतलब है कि खेल जगत की विभिन्न हस्तियों के इलावा अभिनेता आयुष्मान खुराना से भी डॉक्टर मान के बेहद नजदीकी संबंध रहे है।