विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगे दौड़ा रहा था स्कॉर्पियो, पीछे लगी थी पुलिस, पंचकूला में फिल्मी स्टाइल में दबोचा कार सवार, काटा मोटा चालान

Published: Sat, 06 Jun 2026 05:14 PM (IST)

पंचकूला में पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो का फिल्मी अंदाज में पीछा कर चालक को पकड़ा। चालक पर 10,500 ...और पढ़ें

ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा गया युवक। साथ में खड़े हैं पुलिस अधिकारी व कर्मचारी।

ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो के साथ पकड़ा गया युवक। साथ में खड़े हैं पुलिस अधिकारी व कर्मचारी।

HighLights

  1. पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो का पीछा किया।

  2. चालक को पुराना पंचकूला के पास पकड़ा गया।

  3. 10,500 रुपये का चालान कर फिल्म हटाई गई।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। रामगढ़ में पुलिस को देखकर भागी ब्लैक फिल्म लगी स्कॉर्पियो के चालक को पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुराना पंचकूला के पास दबोच लिया। मोटा चालान किया और गाड़ी पर लगी प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म मौके पर ही उतरवा दी गई।

सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिन्द्र कुमार को रामगढ़ के पास एक संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियों गाड़ी दौड़ती हुई दिखाई दी, जिसके शीशों पर पूरी तरह से प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। एसएचओ ने तुरंत वाहन चालक को रुकने का इशारा किया।

चालक ने पुलिस को अनदेखा कर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया। एसएचओ ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी का लगातार पीछा किया। पुराना पंचकूला के पास स्कॉर्पियो को घेरकर रोक लिया।

स्कॉर्पियो को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने नियमों के उल्लंघन और आदेशों की अवहेलना करने पर चालक का 10,500 का भारी-भरकम चालान काटा। गाड़ी पर लगाई गई ब्लैक फिल्म को पुलिस कर्मियों द्वारा मौके पर ही उतरवाया गया।

जिला पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर नियमों की अनदेखी और टशन दिखाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।