विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में 22 नवंबर को वोटर लिस्ट में नाम जांचने जरूर जाएं, सभी बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:31 PM (IST)

पंजाब में 22 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगेंगे, जहां मतदाता सूची में नाम जांचने, नया वोट बनवाने और विवरण सुधारने का अवसर मिलेगा। 

पंजाब वोटर लिस्ट शिविर। सांकेतिक फोटो

पंजाब वोटर लिस्ट शिविर। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पंजाब में 22 नवंबर को विशेष मतदाता शिविर लगेंगे।

  2. नया वोट बनवाने, नाम-पते सुधारने का मौका मिलेगा।

  3. आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, सूची 2027 में।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में अगर आपका वोट नहीं बना है, वोटर लिस्ट में नाम या पता गलत है अथवा किसी तरह का संशोधन करवाना है तो कल रविवार को आपके पास अच्छा मौका है। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगने वाले इन शिविरों में मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ नए वोट के लिए पंजीकरण और विवरण में सुधार करवाया जा सकेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यहां मतदाता प्रारूप सूची में नाम और अन्य विवरण जांचने, नया नाम दर्ज करवाने, नाम-पते में संशोधन सहित संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।

कौन कर सकता है नए वोट के लिए आवेदन

एक जनवरी, 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा नए मतदाता के तौर पर फार्म नंबर छह भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, सुधार या किसी अन्य दावे-आपत्ति के लिए 11 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा।

इनका निपटारा 28 दिसंबर तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से शिविरों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने और विवरण जांचने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।