बुजुर्ग महिला ने दिख्ााई गजब की हिम्मत, गला रेतने के बावजूद लुटेरे को दबोचा
चंडीगढ़ के सेक्टर 20 में एक बुजुर्ग महिला ने गजब की जाबांजी दिखाई। 65 साल की शांति देवी ने लुटेरे द्वारा अपना गला रेतने के बावजूद उसे दबोच लिया। लाेगों ने लुटेरे को पकड़ लिया।
जेएनएन, चंडीगढ़। शहर के सेक्टर 20 में एक बुजुर्ग महिला ने गजब की हिम्मत दिखाई और लुटेरे द्वारा गला रेतने के बाद भी उसे दबोच लिया। दिनदहाड़े लूट की नीयत से घर में घुसकर लुटेरे ने महिला का गला रेत दिया। इसके बावजूद भी 65 वर्षीया शांति देवी ने लुटेरे को पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकर आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपी को दबोच कर सूचना पुलिस को दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला के पति सिकंदर लाल ने बताया की वह सेक्टर 20 स्थित मकान की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी सेक्टर 30 में स्टेशनरी आइटम की दुकान है। करीब दो साल पहले गुड़हल का रहने वाला अमित शर्मा उनके पास से पैसे लेता रहता था। उसे सिकंदर लाल के कुछ रुपये देने थे। लेकिन दो साल से संपर्क नहीं होने और छोटी रकम होने के चलते वह इससे भूल चुके थे।
उन्होंने बताया की सुबह उन्हें अमित शर्मा ने फोन किया किया और कहा कि वह उनके पैसे देने के लिए आना चाहता है। इस पर सिकंदर लाल ने उसे कहा कि वह दुकान पर हैं, तो वह पैसे लेकर दुकान पर ही आ जाए। लेकिन अमित दुकान की बजाए सेक्टर 20 स्थित उनके घर पर पहुंच गया। सिकंदर लाल की पत्नी शांति देवी भी अमित के बारे में जानती थीं। जानकार होने के चलते बुजुर्ग महिला ने आरोपी को घर में अंदर आने दिया।
इसके बाद अमित ने 500 रुपये का नोट निकाल कर महिला को दिया और 200 रूपये उधार होने की बात कह कर यह रकम काट कर बचे पैसे उसे वापस करने के लिए कहा। पैसे काटने के बाद शांति देवी ने उसे 300 रुपये वापस कर दिए। आरोपी ने पैसे दिए जाने की जानकारी उनके पति को भी देने की बात कही और वह मौके से चला गया।
सिकंदर लाल ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद अमित फिर से उनके घर पहुंच गया। उसने शांति देवी से कहा कि उसे 200 रुपये और देने हैं। आप इसे भी रख लो, पैसे लेने के बाद जैसे ही शांति देवी आगे बढ़ीं, अमित ने पीछे से उनको दबोच उसके गले पर तेजधार चाकू से हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। इसके बावजूद शांति देवी ने अमित को दबोच लिया और शोर मचाने लगीं। उनके चिल्लाने की आवाज सुन दूसरे कमरे में काम कर रही नौकरानी भी महिला की मदद के लिए आ पहुंची। शोर होता देख आसपास के लोग भी पहुंच गए और आरोपी को दबोच कर सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस पहुंच गई और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
बुजुर्ग महिला को अकेला देख लूट की सोची
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसने लूट की साजिश पहले ही रच ली थी। घर में महिला के अकेली होने की बात सुनिश्चित करने के लिए पहले गया। महिला को घर में अकेली देख वह दोबारा लूट के लिए घर में गया। उसने लूट में शांति देवी विरोध न करें इसलिए उन्हें तेजधार चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।