विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब कोरोना की चिंता करो ना, खास सेफ्टी गॉगल्स बचाएंगे कोविड-19 संक्रमण से

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Sat, 27 Jun 2020 05:45 PM (IST)Updated: Sun, 28 Jun 2020 07:44 AM (IST)

कोरोना से बचाव के लिए चंडीगढ़ स्थित सीएसआइओ के वैज्ञानियों ने कवच तैयार किया है। सीएसआइओ ने खास सेफ्टी गाॅगल्‍स बनाया है। यह कोविड-19 के संक्रमण से बचााएगा।

अब कोरोना की चिंता करो ना, खास सेफ्टी गॉगल्स बचाएंगे कोविड-19 संक्रमण से
अब कोरोना की चिंता करो ना, खास सेफ्टी गॉगल्स बचाएंगे कोविड-19 संक्रमण से

चंडीगढ़, [डाॅ. सुमित सिंह श्योराण]। अब कोरोना से ज्‍यादा डरने की जरूरत नहीं है। कोरोना वायरस KOVID-19 के हमले से बचने के लिए चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन(सीएसआइओ) ने खास 'कवच' तैयार किया है। सीएसआइओ के वैज्ञानिकोंं ने खास सेफ्टी गॉगल्‍स तैयार किया है। यह सेफ्टी गॉगल्‍स हेल्थकेयर प्रोफेशनल और फ्रंट लाइन वर्कर के अलावा आम लोगों के लिए भी बेहद उपयोगी होगी। दरअसल नाक और मुुंह की तरह आंखों से भी कोरोना संक्रमण का खतरा रहता है।

चंडीगढ़ सीएसआइओ के साइंटिस्ट ने बनाया है यह खास गोगल्स

देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्‍या लगातार बढ़ रही है और लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कोविड-19 संक्रमण मुंह, नाक के साथ ही आंखों से भी फैलता है। लोग माॅस्क से मुंह और नाक को तो ढक लेते हैं, लेकिन आंखों की सुरक्षा को लेकर अभी पुख्ता सुरक्षा कवच नहीं है। इसी के मद्देनजर चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन(सीएसआइओ) ने आंखों के जरिये कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए खास सेफ्टी गॉगल्स (चश्मे) तैयार किए हैं।

यह सेफ्टी गॉगल्‍स आंखों को पूरी तरह से कवर करने के साथ ही मोआइश्‍चर (नमी) रहित हैं। यानि इस पर नमी का भी असर नहीं होगा। दरअसल सीएसआइओ के वैज्ञानिकों ने कोविड-19 मरीजों का उपचार करने वाले डाॅक्टर, नर्स और कोविड फ्रंट लाइन से जुड़े लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर इस सेफ्टी गॉगल्स को बनाया है, लेकिन यह आम लोगोें के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगा। ट्रायल में सेफ्टी गोगल्स का काफी अच्छा रिजल्ट रहा। चंडीगढ़ बेस्ड सार्क इंडस्ट्रीज कंपनी को सेफ्टी गोगल्स तैयार करने की टेक्नोलाॅजी ट्रांसफर की गई है।  जुलाई के पहले हफ्ते में सेफ्टी गोगल्स बाजार में उपलब्ध हाे जाएंगे।

------

350 से 400 रुपये होगी कीमत 

सीएसआइओ साइंटिस्ट द्वारा तैयार खास कोविड सेफ्टी गोगल्स को हेल्थवर्कर के साथ ही आम लोगों की जरुरत को ध्यान में रखकर तैयार किया है। यह बाजार में 350 से 400 रुपये की रेंज में मिलेंगे। सीएसआइओ में बिजनेस इनोवेटिव एंड प्रोजेक्ट प्लानिंग के हेड सीनियर साइंटिस्ट डाॅ.सुरेंद्र सिंह सैनी के अनुसार पहले चरण में 10 हजार सेफ्टी गोगल्स तैयार किए जाएंगे। बाद में कपंनी मार्केट डिमांड के हिसाब से इनका निर्माण करेगी।

उन्‍होंने बताया कि टू व्हीलर,माॅल्स व सार्वजनिक स्‍थलों पर इनका प्रयोग Covid-19 के संक्रमण से बचाएगा। इस सेफ्टी गॉगल्स में सिलिकाॅन लेयर का प्रयोग किया गया है, जिससे इन्हें लगाने के बाद नमी की दिक्कत नहीं आएगी। दूसरे चरण में 40 से 50 हजार सेफ्टी गॉगल्स तैयार करने का टारगेट रहेगा। 

डेढ़ महीने में तैयार हुआ सेफ्टी गॉगल्स 

सेफ्टी गॉगल्स तैयार करने वाली टीम के हेड चीफ साइंटिस्ट डाॅ. विनोद करार ने बताया कि करीब डेढ़ महीने में इसको तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि सेफ्टी गॉगल्स के पहनने के बाद आंखों के जरिए कोविड-19 का संक्रमण नहीं होगा। इन्हें इस तरह से तैयार किया गया है कि लंबे समय तक पहनने से चेहरे पर निशान भी नहीं पड़ेंगे।

प्रोजेक्ट में सीएसआइओ फैकल्टी से डाॅ. नेहा खत्री,डाॅ.संजीव सोनी, डाॅ. अमित शर्मा, डाॅ. मुकेश कुमार और विनोद मिश्रा शामिल रहे। सीएसआइओ के हेड डाॅ.संजीव कुमार ने कहा कि कोविड-19 के बीच ही सभी दफ्तर, मार्केट आदि में भी पब्लिक डीलिंग शुरु हो चुकी है। ऐसे में सेफ्टी गॉगल्स लोगों के लिए बेहद उपयोगी होगा।

 -------

'' कोविड-19 की जरुरतों को ध्‍यान में रखकर ही सेफ्टी गॉगल्स को तैयार किया गया है। मुंह और नाक के साथ ही आंखों से भी कोरोना वायरस संक्रमण का पूरा खतरा है। सेफ्टी गॉगल्स मेडिकल, हेल्थकेयर सहित आम लोगों के लिए भी संक्रमण बचाव में काफी फायदेमंद साबित होगा।

                                                        - डाॅ.विनोद करार, चीफ साइंटिस्ट सीएसआइओ, सेक्टर-30, चंडीगढ़।