'भाजपा कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर काम करता है, विदेशी एजेंडे पर नहीं...', नितिन नबीन का कांग्रेस-राहुल गांधी पर निशाना
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन चंडीगढ़ पहुंचे और कार्यकर्ताओं से निगम चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर देश के विकास की बजाय परिवार की चिंता करने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़ सेक्टर-27 में आयोजित बूथ सम्मेलन में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन। फोटो: संजय घिल्डियाल
HighLights
नितिन नबीन ने चंडीगढ़ निगम चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
कांग्रेस पर परिवारवाद और देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं, महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।
राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने 23 दिसंबर को होने वाले निगम चुनाव के कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। साथ ही विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया।
नितिन नबीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को देश के विकास से ज्यादा अपने परिवार और पार्टी की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता विदेश जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर काम करता है, किसी विदेशी एजेंडे पर नहीं। नितिन नबीन ने सेक्टर-27 में आयोजित बूथ सम्मेलन में पहुंचे थे। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए चंडीगढ़ के विकास पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्ट टाइम पॉलिटिशियन नहीं है, बल्कि 24 घंटे और 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2024 के चुनाव परिणाम में मिली हार का जवाब 2026 के चुनाव में देने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरें
नितिन नबीन ने कहा कि चंडीगढ़ में चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा। पिछले चुनाव में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें दूर कर जनता के बीच पार्टी के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जाना होगा।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और उनकी टीम से चंडीगढ़ के विकास का रोडमैप तैयार कर संकल्प पत्र के साथ जनता के बीच जाने को कहा। चंडीगढ़ को मिनी भारत बताते हुए कहा कि यहां अलग-अलग राज्यों, भाषाओं, धर्मों और संप्रदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते हुए शहर के विकास में योगदान दे रहे हैं। यही भारत की असली ताकत है।
महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा पर दिया जोर
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई कदम उठाए हैं। स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण और लखपति दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम को जल्द लागू किया जाएगा और महिलाओं को अधिकारों के मामले में भी आगे बढ़ाया जाएगा।
एसआईआर को लेकर विपक्ष पर हमला
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष पर वोट चोरी का झूठा आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत लोगों, दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं और संदिग्ध नामों को हटाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर ऐसे नामों की पहचान करने और चुनाव आयोग तक जानकारी पहुंचाने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।