चंडीगढ़ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, कार्यकर्ताओं संग ली सेल्फी; निगम चुनाव के लिए भरा जोश
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन चंडीगढ़ पहुंचे और बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने आगामी नगर निगम चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और पार्टी की रणनीति को दिशा दी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कार्यकर्ताओं संग सेल्फी लेते हुए। फोटो : संजय घिल्डियाल
HighLights
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन चंडीगढ़ में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर नगर निगम चुनाव के लिए जोश भरा।
पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनाव रणनीति पर मार्गदर्शन दिया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 23 दिसंबर को होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-27 स्थित रामलीला ग्राउंड में भव्य बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं संग सेल्फी ली और निगम चुनाव के लिए जोश भरा।
नितिन नबीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे चंडीगढ़ के प्रत्येक घर तक पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखें। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा और हर बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी।
नितिन नबीन ने अपने संबोधन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए सवाल किया कि महिलाओं के हितों के लिए विपक्ष ने क्या योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने केवल अपने परिवार की चिंता की है, जबकि देश की महिलाओं के हितों को प्राथमिकता नहीं दी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिवारों का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के सैनिकों को सम्मान और सुरक्षा मिली है। पहले सीमाओं पर सैनिकों के साथ होने वाली घटनाओं पर तत्कालीन सरकार मौन रहती थी, लेकिन आज भारत किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
नितिन नबीन ने चंडीगढ़ में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार करने की अपील की।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से चंडीगढ़ में भाजपा का कमल खिलेगा। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।