पंजाब में आतंकी नेटवर्क पर NIA का बड़ा प्रहार, अर्शदीप डल्ला और हैप्पी पासिया को भारत लाने के लिए तलाशा नया रास्ता
एनआईए पंजाब में विदेश से संचालित आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए अपनी रणनीति बदल रही है। अब प्रत्यर्पण के बजाय डिपोर्टेशन के जरिए हैप्पी पासिया और अर्शदीप डल्ला को भारत लाने की तैयारी है।

आतंकी अर्शदीप डल्ला और हैप्पी पासिया। फाइल फोटो
HighLights
एनआईए ने आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा कसने की रणनीति बदली।
हैप्पी पासिया और अर्शदीप डल्ला को डिपोर्ट करने की तैयारी।
अगले साल तक भारत वापसी की उम्मीद, जांच होगी तेज।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विदेश से संचालित हो रहे आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने अपनी रणनीति बदलने की तैयारी की है। पंजाब में आतंकी गतिविधियों, पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमलों और आपराधिक वारदातों के पीछे विदेश में बैठे जिन चेहरों की भूमिका सामने आती रही है, उन्हें भारत लाने के लिए अब प्रत्यर्पण के बजाय डिपोर्टेशन का रास्ता अपनाने पर विचार किया जा रहा है।
इस रणनीति के केंद्र में अमेरिका में गिरफ्तार हैप्पी पासिया और कनाडा में रह रहा अर्शदीप सिंह डल्ला है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि अगले साल तक दोनों को भारत वापस लाने की दिशा में सकारात्मक नतीजा मिल सकता है।
एनआइए के सूत्रों के मुताबिक, दोनों वांछित आरोपित भारतीय नागरिक हैं। ऐसे में संबंधित देशों से उनका डिपोर्टेशन कराने की संभावना तलाशी जा रही है। एजेंसी का मानना है कि प्रत्यर्पण की तुलना में डिपोर्टेशन की प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेज हो सकती है।
प्रत्यर्पण के लिए संबंधित देश की अदालतों में कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसके लिए विस्तृत दस्तावेज तैयार करने होते हैं और आरोपितों को अपना पक्ष रखने का अवसर भी मिलता है। कई बार आरोपित अपने जीवन को खतरा होने और मानवाधिकारों के उल्लंघन का हवाला देकर कानूनी अड़चनें पैदा करते हैं। इससे प्रत्यर्पण की प्रक्रिया वर्षों तक खिंच सकती है।
कानून और सरकार की सहमति पर निर्भर अंतिम फैसला
इसके विपरीत डिपोर्टेशन मुख्य रूप से संबंधित देश की सरकार का कार्यकारी फैसला होता है। यदि वहां की सरकार इस बात से संतुष्ट हो जाती है कि संबंधित व्यक्ति अपने मूल देश में वांछित है और उसे वापस भेजने का आधार मौजूद है तो प्रक्रिया अपेक्षाकृत जल्दी पूरी हो सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला संबंधित देश के कानूनों और सरकार की सहमति पर निर्भर करेगा।
पंजाब में 16 आतंकी हमलों से जुड़ा है पासिया का नाम
हैप्पी पासिया को अप्रैल 2025 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। वह पंजाब में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के प्रमुख चेहरों में शामिल रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसका नाम पंजाब में कम से कम 16 आतंकी हमलों से जुड़ा है। उस पर पुलिस थानों और अन्य ठिकानों पर ग्रेनेड हमले करवाने का आरोप है।
एजेंसियों को उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) से संपर्क होने का भी संदेह है। आरोप है कि वह विदेश में बैठकर पंजाब में अपने नेटवर्क के जरिये हमलों की साजिश रचता और उन्हें अंजाम दिलवाता रहा है।
उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उसे भारत लाना जांच एजेंसियों की प्राथमिकता है, ताकि पंजाब में आतंकी नेटवर्क के संचालन, फंडिंग और स्थानीय संपर्कों को लेकर पूछताछ की जा सके।
डल्ला ने संभाली थी कमान
अर्शदीप सिंह डल्ला पंजाब के मोगा जिले के डल्ला गांव का रहने वाला है। कनाडा जाने से पहले वह पंजाब में स्थानीय गैंगस्टर के रूप में सक्रिय था। वर्ष 2020 में स्टडी वीजा पर कनाडा जाने के बाद उसने वहां से अपना नेटवर्क संचालित करना शुरू कर दिया।
खालिस्तान के समर्थक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद डल्ला ने प्रतिबंधित खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) की कमान संभाल ली थी। एनआइए के मुताबिक, वह कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में अपने परिवार के साथ रह रहा है।
डल्ला का नाम पंजाब में आतंकी गतिविधियों और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े कई मामलों में सामने आता रहा है। एजेंसियों के अनुसार, वह विदेश में बैठकर पंजाब में अपने सहयोगियों के माध्यम से आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को संचालित करता रहा है। ऐसे में उसकी भारत वापसी से पंजाब में सक्रिय नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
गोल्डी बराड़ पर भी बढ़ा अंतरराष्ट्रीय दबाव
पंजाब के गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई का दबाव भी बढ़ रहा है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल गोल्डी बराड़ कनाडा के 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शीर्ष पर है। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले के लिए 2.50 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की गई है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआइ भी उसे अपनी दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है।
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले डल्ला और पासिया जैसे विदेश में बैठे वांछित आतंकियों को भारत लाने की संभावित सफलता सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। इससे न केवल आतंकी हमलों की साजिशों का पर्दाफाश करने में मदद मिल सकती है, बल्कि विदेश से संचालित हो रहे नेटवर्क और उनके स्थानीय संपर्कों तक पहुंचने का रास्ता भी खुल सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।