BKI केस में NIA को मिली 90 दिन की मोहलत, डिपोर्ट होकर आए आतंकी सोनू से मिले अहम सुराग, खुलेंगे सीमा पार नेटवर्क के राज
मोहाली की एनआईए विशेष अदालत ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) मामले में जांच पूरी करने के लिए एजेंसी को 90 दिन का अतिरिक्त समय दिया है।

बीकेआई मामले में एनआईए को जांच पूरी करने के लिए 90 दिन की मोहलत। फाइल फोटो
HighLights
एनआईए को बीकेआई मामले में 90 दिन का अतिरिक्त समय मिला
मामला अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सीमा पार आतंकी फंडिंग से जुड़ा है
डिपोर्ट हुए हरविंदर कुमार सोनू से जांच में अहम सुराग मिले
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े मामले में जांच पूरी करने के लिए एजेंसी को 90 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। यह मामला गिरफ्तार आरोपित मनदीप कुमार उर्फ मंगली उर्फ मांगी और उसके अन्य सहयोगियों से जुड़ा है।
एनआईए के सरकारी वकील की ओर से दाखिल याचिका और जांच रिपोर्ट पर सुनवाई के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। इस मामले में नौ मई 2024 को केस दर्ज किया गया था।
जांच के लिए निर्धारित शुरुआती 90 दिन की अवधि 17 नवंबर 2026 को पूरी हो रही थी। मामले के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सीमा पार नेटवर्क की गहन जांच की जरूरत को देखते हुए अदालत ने एनआईए की मांग स्वीकार कर ली।
विदेश में बैठे हैं नेटवर्क के मुख्य हैंडलर
एनआईए का आरोप है कि बब्बर खालसा के प्रमुख वधावा सिंह उर्फ बब्बर और परमजीत सिंह उर्फ पम्मा के निर्देश पर सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद और आतंकी फंडिंग की जा रही थी।
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार फरार आरोपित हरजीत सिंह उर्फ लाडी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू गिरफ्तार आरोपितों के साथ-साथ विदेश में बैठे सहयोगियों के संपर्क में थे और नेटवर्क को संभाल रहे थे।
अदालत ने फरार आरोपित हरजीत सिंह उर्फ लाडी, कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू, वधावा सिंह उर्फ बब्बर, परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और अन्य अज्ञात लोगों के संबंध में जांच पूरी करने के लिए एनआईए को अतिरिक्त समय दिया है।
डिपोर्ट होकर आए सोनू से मिले अहम सुराग
मामले में एक अन्य आरोपित हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को विदेश से डिपोर्ट किए जाने के बाद एक अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। नौ अक्टूबर तक पुलिस रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की गई, जिसमें एनआईए को कई अहम सुराग मिले। इन जानकारियों के आधार पर एजेंसी अब हथियारों और गोला-बारूद की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।