नवनियुक्त पंजाब भाजपा प्रधान श्वेत मलिक ने संभाला कामकाज, कहा- असली प्रधान कार्यकर्ता
नवनियुक्त भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक नेकहा कि असली प्रधान तो हमारे कार्यकर्ता हैं। मैं तो नाम मात्र का प्रधान हूं।
जेएनएन, चंडीगढ़। राज्यसभा सदस्य व नवनियुक्त पंजाब भाजपा प्रधान श्वेत मलिक ने आज औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। पार्टी कार्यालय में एक समारोह के दौरान सात पूर्व प्रदेश प्रधान व पार्टी के पंजाब के प्रभारी प्रभात झा की मौजूदगी में श्वेत मलिक ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि असली प्रधान तो हमारे कार्यकर्ता हैं। मैं तो नाम मात्र का प्रधान हूं।
सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को साथ में लेकर चलने की रणनीति के तहत नए प्रदेश प्रधान ने कहा कि इतने वरिष्ठ नेताओं के बीच में मैं खुद को बहुत छोटा पाता हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों का सहयोग मुझे मिलता रहेगा। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि भले ही हमारे सिर कट जाएं, लेकिन कार्यकर्ताओं के मान सम्मान पर कोई ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए।
स्टेज पर मौजूद पूर्व प्रदेश प्रधान मदन मोहन मित्तल, अविनाश राय खन्ना, कमल शर्मा, मनोरंजन कालिया, अश्वनी शर्मा, प्रोफेसर राजेंद्र भंडारी और विजय सांपला जैसे नेताओं ने अपने संबोधन में 2019 को विशेष फोकस में रखा। सभी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि 2019 को देखते हुए पार्टी को ना सिर्फ एक ठोस नीति पर चलने चाहिए बल्कि संगठित होकर 2019 की तैयारी में जुट जाना चाहिए।
पूर्व प्रदेश प्रधान विजय सांपला ने कहा कि पार्टी ने मुझे पहले एक वर्ष के लिए कार्यभार सौंपा था। जिसे बाद में एक वर्ष और बढ़ा दिया गया। सांपला ने कहा कि वह पार्टी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे व नई टीम को पूरा सहयोग देंगे।
यह भी पढ़ेंः डीजीपी विवाद में कूदे सीएम, कहा- जवानों में क्या संदेश जाएगा, खत्म करें विवाद