बदलते Lifestyle में मॉडर्न हुई Navratri की थाली, अपने को इस तरह रखें फिट
navratri में अब लोग डाइटीशियन की सलाह पर डाइट प्लान करते हैं। इसकी वजह से अब नवरात्र की थाली वैसी नहीं रही जैसे कभी पुराने समय में होती थी।
जेएनएन, चंडीगढ़। नवरात्र के नौ व्रत। ईश्वर से जुड़ी आस्था के पवित्र दिनों में लोग अपने खानपान में कई बदलाव करते हैं। वह डाइटीशियन की सलाह पर डाइट प्लान करते हैं। इसकी वजह से अब नवरात्र की थाली वैसी नहीं रही, जैसे कभी होती थी। न्यूट्रीशियनिस्ट सरिता खुराना के अनुसार बदलते लाइफस्टाइल की वजह से हमारे शरीर में काफी बदलाव हुए हैं। अब हमें पूरा दिन व्रत रखने के लिए शरीर को पर्याप्त उर्जा भी प्रदान करनी होगी।
ऐसा हो नवरात्र में खानपान
शहर के एक रेस्टाेरेंट में सजी नवरात्र की थाली।
सरिता ने कहा कि अगर किसी का व्रत है तो उसे सुबह उठकर पहले गुनगुना पानी पीना चाहिए। इसके बाद थोड़ा सैर करना भी जरूरी है। इससे हमारे शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है। सुबह की पूजा-अर्चना के बाद एक अखरोट के साथ ही दूध के साथ रात भर भिगोए गए बादाम खाएं। इसके अलावा बीच में एक सेब भी खाएं। करीबन तीन घंटे कुछ न खाएं। दोपहर बाद नींबू पानी या नारियल पानी पीएं। ये पेट में एसीडिटी नहीं बनने देता। इसके बाद शाम को मौसमी फलों का सेवन किया जा सकता है, जिनमें फाइबर ज्यादा हो, जैसे कि संतरा, तरबूज आदि।
अमृतसर से आते हैं व्रत का खाना बनाने
गोपाल स्वीट्स में सात्विक व्यंजनाें का लुत्फ उठातीं युवतियां।
शेफ परमजीत सिंह अमृतसर से हैं। व्रत का खाना बनाने के लिए वह गोपाल स्वीट्स पहुंचे हैं। उनकी खासियत है कि व्रत के दिनों में पनीर और केले जैसी चीजों को आहार में जोड़ें। उमका कहना है कि पंजाब में लोग खाने से बहुत प्यार करते हैं। ऐसे में वह शाही पनीर तैयार करते हैं, जिसमें प्याज, लहसुन के बिना बिल्कुल सात्विक रूप से तैयार करते हैं। इसके अलावा विशेष रूप से तैयार मिठाइयाें में कद्दू से लेकर विभिन्न सब्जियों का इस्तेमाल होता है। परमजीत ने कहा कि केला ऐसा फल है, जो ताकत देता है। ऐसे में आलू को उबाल कर उसमें केले को मेश करके खास डिश बनाते हैं। ताकि पर्याप्त उर्जा पा सकें।
शकरकंद चाट है स्पेशल
शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट में व्रत के दौरान चाट और टिक्की जैसे आयटम को भी जोड़ा गया है। नाइंटींथ रेस्टोरेंट इस दिशा में स्पेशल शकरकंद चाट, आलू पूड़ी व साबूदाना टिक्की को मुख्य रूप से परोस रहे हैं। इसके लिए खास रूप से किचन का सेक्शन भी अलग किया गया है, ताकि आने वालों को शुद्ध खाना परोसा जा सके।
बनाना आइसक्रीम है स्पेशल
सोशल रेस्टोरेंट भी नवरात्र पर अपने मेन्यू में कई क्रिएटिव डिश परोस रहा है। इसमें साबूदाना वड़ा, कोकनट चटनी के साथ परोसा जाएगा। इसके अलावा नवरात्र की खिचड़ी, होममेड बनाना आइसक्रीम, फ्रेश फ्रूट से सजी कुल्फी भी परोसी जाएगी।