विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा में रहस्यमयी मौत, पूरी रात कार में पड़ा रहा अधेड़ का शव; जांच में जुटी पुलिस

Published: Sun, 12 Jul 2026 10:01 PM (IST)

चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा गांव में एक कार की पिछली सीट पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। ...और पढ़ें

डड्डूमाजरा में रहस्यमय मौत, पूरी रात कार में पड़ा रहा अधेड़ का शव।

डड्डूमाजरा में रहस्यमय मौत, पूरी रात कार में पड़ा रहा अधेड़ का शव।

HighLights

  1. डड्डूमाजरा में कार की पिछली सीट पर शव मिला

  2. मृतक की उम्र 50-55 वर्ष, पहचान अभी नहीं हुई

  3. नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा गांव में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर खड़ी एक कार की पिछली सीट पर एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने इन्क्वेस्ट (174 बीएनएसएस) की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष के बीच है और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

कार मालिक गुरलीन सिंह, निवासी डड्डूमाजरा ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात उसने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी और गलती से कार लॉक करना भूल गया। रविवार शाम जब वह कार के पास पहुंचा तो पिछली सीट पर एक अज्ञात व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।

इसके बाद उसने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को तुरंत जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक को शनिवार रात इलाके में घूमते हुए देखा गया था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक की पहचान के लिए उसका विवरण शहर के अन्य थानों में भी भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।