Move to Jagran APP

नगर निगम चुनाव के लिए शहर नहीं आएंगी सांसद किरण खेर, यूपी सीएम योगी चंडीगढ़ में करेंगे प्रचार

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए सांसद किरण खेर शहर नहीं आएंगी। इस बात की पुष्टि चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने की है। हालांकि वह पार्टी के सभी कार्यक्रमों में वर्चुअल जुड़ी रहेंगी। वहीं भाजपा के लिए प्रचार करने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर आएंगे।

By Ankesh ThakurEdited By: Published: Wed, 17 Nov 2021 10:05 AM (IST)Updated: Wed, 17 Nov 2021 10:05 AM (IST)
चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फाइल फोटो

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव के लिए चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर चुनाव प्रचार और शहर में नहीं आएंगी। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि उनके आने की संभावना नहीं है। बावजूद सांसद भाजपा के सभी राजनीतिक कार्यक्रमों में ऑनलाइन जुड़ी रहेंगी। सांसद किरण खेर अपनी बीमारी के कारण मुबंई में हैं। साल 2016 के नगर निगम चुनाव में सांसद किरण खेर ने चुनाव प्रचार की बागडोर संभाली थी। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।

loksabha election banner

चंडीगढ़ भाजपा ने नगर निगम चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट तैयार की है, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल है। यह लिस्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। इस सूची में शहर में रहने वाले अलग अलग वर्ग और जाति के लोगों को ध्यान में रखते हुए स्टार प्रचालकों के नाम शामिल किए गए हैं। अगले साल मार्च में पंजाब विधानसभा चुनाव हैं इसलिए भाजपा चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव जीतकर पंजाब में अपना दबदबा कायम करने का सपना देख रही है।

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि इस समय पार्टी की भी जो भी बैठकें हो रही हैं उनमें सांसद किरण खेर वर्चुअल जुड़ रही हैं। चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर जो कुछ भी चर्चा हो रही है उसमें सांसद की राय पूछी जा रही है। मंगलवार को संचालन समिति की बैठक हुई, जिसमें सांसद किरण खेर वर्चुअल जुड़ीं।

चुनाव के बाद शहर आएंगी सांसद खेर

मालूम हो कि सांसद किरण खेर पिछले डेढ़ साल से मुबंई में ही हैं। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का कहना है कि सांसद किरण खेर को अभी भी डाक्टरों ने कहीं बाहर जाने के लिए मना किया है। इसलिए वह चंडीगढ़ नहीं आ सकती, लेकिन नगर निगम चुनाव के बाद वह जरूर शहर आएंगी। सांसद इस समय शहर में जो नगर निगम द्वारा उद्घाटन कार्यक्रम किए जा रहे हैं उसमें भी सांसद किरण वर्चुअल ही जुड़ रही है।

कांग्रेस बनाएगी मुद्दा

इस समय कांग्रेस की ओर से सांसद किरण खेर के शहर में लंबे समय से न होने को मुद्दा बनाया हुआ है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस समय शहरवासी सांसद को तलाश रहे हैं। कांग्रेस की ओर से इस समय जो शहर में पोस्टर रिलीज किए जा रहे हैं उसमे भी कांग्रेस की ओर से सांसद के गायब रहने की बात शामिल की जा रही है।

स्टारक प्रचारकों की लिस्ट में योगी और अमित शाह का नाम भी

चंडीगढ़ भाजपा ने जाे स्टार प्रचारक नेताओं की सूची बनाई है, उसमें गृह मंत्री अमित शाह और उतरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल है। इसके अलावा हिमाचल और उतराखंड के सीएम भी चंडीगढ़ में चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। इस समय भाजपा के अलावा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में टिकट दावेदारों को लेकर मंथन किया जा रहा है। जबकि अभी चुनाव आयोग की ओर से चुनाव का शेड्यूल भी जारी नहीं किया है। नामांकन से पहले ही दल उम्मीदवार घोषित करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.