'सिक्किम की तर्ज पर हरियाणा का पहाड़ी क्षेत्र मोरनी बनेगा देश का आदर्श जैविक खेती ब्लॉक...', CM सैनी ने की बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी को 2029 तक सिक्किम की तर्ज पर देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी और यहां के किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं की।
HighLights
सीएम नायब सैनी ने किया 'नमो मोरनी मिशन' का शुभारंभ।
किसानों के लिए हेल्पलाइन और संयुक्त कार्यालय स्थापित।
'मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश' ब्रांड से उत्पाद बाजार में।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा का पहाड़ी क्षेत्र मोरनी को सिक्किम की तर्ज पर 2029 तक देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक बनाया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गोपाष्टमी पर मोरनी से 'माटी वंदन अभियान' और 'नमो मोरनी मिशन' का शुभारंभ करते हुए की।
सीएम ने कहा कि मोरनी के किसानो की हर समस्या का समाधान एक ही छत के नीचे करने के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन 01733-297010 शुरू की जाएगी। मोरनी में कृषि, बागवानी तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग का संयुक्त कार्यालय बनेगा।
तब तक तीनों विभागों के अधिकारी नमो भवन (पूर्व में गेट्टी भवन) में बैठेंगे, जिसे बाद में कृषि विभाग को सौंपकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा, जहाँ विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे और जैविक खाद, बीज व दवाई भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि तीनों विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और उनकी मोरनी में तैनाती बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को माेरनी में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्राकृतिक एवं जैविक खेती किसान मेले का भी उद्घाटन किया। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नेे आदर्श जैविक खेती ब्लॉक के तहत किसानों को प्रति बीघा के आधार पर सुविधाएं देने का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग की वाटिका में जैविक खेती का जीवंत प्रदर्शन होगा, जहां किसानों के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी सीखेंगे।
इसके अलावा मिट्टी परीक्षण, बायो लैब, पोषण परीक्षण और कीटनाशक अवशेष परीक्षण की चार आधुनिक प्रयोगशालाएँ स्थापित होंगी। ये मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना को भी मजबूत करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा की कि केंद्र की प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पर ड्रॉप मोर क्रॉप और राज्य के सहयोग से मिकाडा द्वारा ड्रिप सिंचाई पर 85 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। भूमि संरक्षण शाखा द्वारा रिटेनिंग दीवार, चेक-डैम और छोटे तालाब बनाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि पहाड़ी व दुर्गम क्षेत्र को देखते हुए छोटे कृषि यंत्रों पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
उपज, ब्रांड और मंडी तीनों मोरनी के होंगे
उन्होने घोषणा करते हुए कहा की अब उपज भी मोरनी की, ब्रांड भी मोरनी का, मंडी भी मोरनी में होगी। हैफेड जैविक व प्राकृतिक उत्पादों की खरीद की नोडल एजेंसी होगी और इन्हें मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश ब्रांड से बाजार में उतारेगी। ऑनलाइन बिक्री के लिए ऐप बनेगा, और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड मोरनी में ही ऑर्गेनिक मंडी विकसित करेगा।
सीएम ने यह भी घोषणा की की अगले तीन वर्षों में मोरनी खंड की लगभग 5,600 एकड़ भूमि 60ः40 के अनुपात में विकसित होगी, जिसमें कृषि में 3,360 एकड़ और बागवानी में 2,240 एकड़ शामिल है। उन्होंने कहा की राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन में सामुदायिक संसाधन व्यक्ति को 5,000 रुपये प्रति माह मिलते हैं।
उन्होंने मोरनी खंड में 5,000 रुपये अतिरिक्त, यानी कुल 10,000 रुपये प्रति माह दिए जाने की घोषण की। उन्होंने कहा की मोरनी में चल रहे किसान मेले में गेहूँ व सब्जियों का बीज, जैविक खाद और सब्जियों की पौध निःशुल्क वितरित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।