26 साल का राजकुमार दुनिया से जाते-जाते चार लोगों को दे गया ये अमूल्य उपहार Chandigarh News
14 सितंबर को मारपीट की एक घटना में राजकुमार को सिर पर गंभीर चोट आई थी। 16 सितंबर को परिजनों ने उसे पीजीआइ में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंडीगढ़, जेएनएन। पीजीआइ की ओर से चलाए जा रहे अंगदान जागरूकता अभियान का असर दिखने लगा है। चंद दिनों पहले रूपनगर जिले के मोरिंडा गांव के भाटिया परिवार ने अंगदान कर मिसाल पेश की थी। इसी क्रम में वीरवार को उसी जिले के माजरी गांव के एक परिवार ने अपने 26 साल के बेटे राजकुमार का अंगदान कर चार लोगों को अमुल्य उपहार दिया है। पीजीआइ में 2019 का यह 21वां कैडवर अंग दान था।
14 सितंबर को मारपीट की एक घटना में राजकुमार को सिर पर गंभीर चोट आई थी। 16 सितंबर को परिजनों ने उसे पीजीआइ में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अंगदान का निर्णय लेकर राजकुमार को अमर कर दिया। परिजनों की रजामंदी से राजकुमार का पैनक्रियाज, किडनी और दोनों कार्निया दान किया गया। जिससे चार लोगों की जिंदगी में खुशियां लौटी। इस अवसर पर पीजीआइ डायरेक्टर प्रो. जगतराम ने राजकुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उसके परिजनों के फैसले को सलाम किया। उनका कहना था कि राजकुमार के परिवार ने इस दु:ख की घड़ी में अपने कष्ट को भुलाकर दूसरों के बारे में सोचा और इतना बड़ा फैसला लिया।
उम्मीदें खत्म लेकिन चार लोगों की दुनिया बसाने की खुशी
राजकुमार की मां पुष्पा देवी ने अपने दु:ख को बायां करते हुए बताया कि दो बेटों में से एक दिव्यांग है और दूसरा राजकुमार था, जो अब नहीं रहा। इससे पहले कैंसर पीड़ित पति को भी खो चुकी हूं। राजकुमार ही हमारे परिवार का सबकुछ था। उसके जाने से हमारी सारी उम्मीदें समाप्त हो चुकी हैं, लेकिन इस बात की खुशी है कि मेरे बेटे ने दुनिया से जाते हुए चार लोगों की दुनिया बसाने में अहम योगदान दिया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें