NH-44 से लगते मोहाली में तीन गांवों की राह होगी आसान, 18 फुट चौड़ा किया जाएगा सरसीणी-झज्जों लिंक रोड़
मोहाली में सरसीणी-झज्जों लिंक रोड को 18 फुट चौड़ा किया जा रहा है, जिससे तीन गांवों के लोगों का आवागमन आसान होगा। 4.60 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 2.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे ग्रामीणों, किसानों और वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी।

अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा बेहतर। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
4.60 किलोमीटर सड़क पर 2.41 करोड़ खर्च होंगे।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने किया निरीक्षण।
अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाद सहयोगी, लालड़ू (मोहाली)। अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए सरसीणी से टिवाणा होते हुए झज्जों तक जाने वाली लिंक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत शनिवार को सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू कर दिया गया। सड़क का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, कृषि उपज को मंडियों तक पहुंचाना भी आसान होगा।
पंजाब मंडी बोर्ड की ओर से चार किलोमीटर 600 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण पर दो करोड़ 41 लाख 28 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क की चौड़ाई 18 फुट होने से आमने-सामने आने वाले वाहनों को गुजरने में आसानी होगी।
शनिवार को विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर ढंग से जोड़ने के लिए संपर्क सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण का उद्देश्य लोगों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाना है।