लग्जमबर्ग के सपने से एजेंट के झांसे में आई महिला, नौकरी छोड़ी और लाखों रुपये भी गंवाए; मोहाली में FIR
एक वीजा कंसल्टेंसी संचालक ने जालंधर की महिला को लग्जमबर्ग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5.50 लाख रुपये ठगे। ...और पढ़ें

विदेश भेजने के नाम पर महिला के साथ ठगी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
लग्जमबर्ग में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी।
5.50 लाख रुपये ठगे, महिला की नौकरी छुड़वाई।
एजेंट पर धोखाधड़ी के पांच अन्य मामले दर्ज हैं।
जागरण संवाददाता, मोहाली। विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट बनवाने का भरोसा देकर एक वीजा कंसल्टेंसी संचालक पर जालंधर की महिला से 5.50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। महिला को उसकी बेटी के साथ लग्जमबर्ग भेजने का सपना दिखाया।
वीजा प्रक्रिया के लिए नौकरी छोड़ने की शर्त रखी तो महिला ने उस पर भरोसा कर हेडमिस्ट्रेस की नौकरी भी छोड़ दी। इसके बावजूद न तो विदेश भेजा गया और न ही जमा करवाई गई रकम वापस मिली।
शिकायत की जांच के बाद पंजाब स्टेट क्राइम थाने में वीजा पैलेस के संचालक अमरजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
न्यूजीलैंड जाने की थी योजना, लग्जमबर्ग का दिया विकल्प
पुलिस को दी शिकायत में जालंधर निवासी प्रियंका ने बताया कि वह अपनी छोटी बेटी पावनी के साथ न्यूजीलैंड जाना चाहती थीं। इसी सिलसिले में मई 2025 में वह अपने पति के साथ मोहाली स्थित वीजा पैलेस के कार्यालय पहुंचीं।
वहां उन्हें बताया गया कि न्यूजीलैंड का वीजा मिलने में समय लग सकता है, लेकिन कंसल्टेंसी उनके और बेटी के लिए लग्जमबर्ग का वर्क परमिट जल्द लगवा सकती है। इसके लिए 6 लाख रुपये का खर्च बताया गया।
किस्तों में दिए रुपये, नौकरी छोड़ने के बाद भी नहीं हुआ काम
शिकायत के मुताबिक महिला ने मई से नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों पर नकद और आनलाइन माध्यम से करीब 5.50 लाख रुपये जमा करवाए। अगस्त 2025 में उसे बताया गया कि वीजा इंटरव्यू की प्रक्रिया के लिए नौकरी छोड़नी पड़ेगी।
विदेश जाने की उम्मीद में महिला ने स्कूल की हेडमिस्ट्रेस की नौकरी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भी उसे न तो वर्क परमिट दिलाया गया और न ही रोजगार को लेकर कोई ठोस जानकारी दी गई।
महिला के अनुसार दिसंबर 2025 में जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने जांच के बाद संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
संचालक पर पहले से दर्ज हैं पांच एफआईआर
पुलिस रिकार्ड के अनुसार अमरजीत सिंह के खिलाफ विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के पांच मामले पहले भी दर्ज हैं। इनमें जून 2026 में एनआरआई थाना मोहाली में दो, मई 2026 में पंजाब स्टेट क्राइम थाना मोहाली में एक, जून 2024 में स्टेट साइबर क्राइम में एक और जुलाई 2026 में थाना मटौर में एक एफआईआर दर्ज हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।